LPG Cylinder Scam: दिल्ली के शकरपुर इलाके से अवैध रूप से LPG गैस भरने और ब्लैक मार्केटिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स पर आरोप है कि वो घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर बेच रहा था। इस काम के लिए आरोपी के पास कोई लाइसेंस या परमिशन नहीं थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 46 वर्षीय योगेश गुप्ता के तौर पर हुई है। आरोपी शकरपुर इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि पुलिस को बीते दिन 15 मार्च को सूचना मिली थी कि, आरोपी दुकान में अवैध तरीके से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भर रहा है, जिसके बाद उसे मार्केट में बेचा जा रहा है।
दिल्ली पुलिस का कहना है, 'पूछताछ के दौरान, उसने कबूल किया कि पिछले कुछ दिनों से वह बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में LPG गैस रिफिल कर रहा था। उसने यह भी कबूल किया कि 2-3 दिन पहले भी उसने छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिल की थी। उसने आगे बताया कि उसके पास ऐसी गतिविधि करने के लिए कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं है और वह अपनी दुकान पर बिना किसी सुरक्षा उपाय के रिफिलिंग का काम कर रहा था।'
#WATCH | Delhi Police busted an illegal LPG refilling and black-marketing racket in Shakarpur and booked a 46-year-old shop owner, Yogesh Gupta.
— ANI (@ANI) March 16, 2026
Delhi Police say, "During inquiry, he admitted that for the last few days he had been refilling LPG gas from large cylinders into… pic.twitter.com/qDvzt19paY
पुलिस ने ये सामान किया जब्त
- 2 घरेलू LPG सिलेंडर (प्रत्येक 14.2 किलोग्राम – लाल रंग के)
- 3 छोटे घरेलू सिलेंडर (प्रत्येक 05 किलोग्राम – 02 लाल और 01 हरे रंग के)
- एक टोटापिलास (गैस ट्रांसफर करने वाला पाइप/औजार)
- एक LPG रिफिलिंग मशीन
- एक तौल मशीन
पुलिस का कहना है कि मौके से जिन चीजों को जब्त किया है, उनसे पता चलता है कि आरोपी व्यक्ति बिना किसी अनुमति के, बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से LPG गैस भर रहा था। इस तरह वह LPG की कालाबाज़ारी कर रहा था और आम लोगों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा पैदा कर रहा था।









