Ghaziabad Double Murder Case: गाजियाबाद में एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरारा हो गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद महिला और उसके प्रेमी के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक,पूरा मामला गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान 36 साल की शबनम और 32 साल के फहीम के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी का नाम राशिद बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राशिद को पता लग गया था कि शबनम का फहीम के साथ प्रेम संबंध चल रहा है, इसे लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था। इसी विवाद में राशिद ने शबनम और फहीम की गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोपी ने फहीम को डिनर पर बुलाया था
पुलिस का कहना है कि राशिद के घर में उसकी पत्नी के अलावा उनके 7 बच्चे हैं, जिनमें से बड़े बेटे का विवाह हो चुका है। राशिद बांस बल्लियों का काम करता है उसका दोस्त फहीम भी उसके साथ काम करता था। फहीम अक्सर राशिद के घर आया करता था। वारदात के दिन राशिद ने फहीम को खाने पर बुलाया था।
खाना खाने के बाद राशिद शबनम और फहीम कमरे में बैठे हुए थे, उसी दौरान राशिद ने दोनों पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद सभी बाहर आ गए, और शबनम और फहीम को घायल अवस्था में देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक उन्हें सूचना दी गई थी कि बुध बाजार मोहल्ले में परिवार में झगड़ा हो गया, जिसमें 2 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों को ब्लैक रेंज से गोली मारी गई है। इसके अलावा आरोपी को पकड़ने के लिए 3 टीमों का गठन किया गया है।









