Logo
Ghaziabad: गाजियाबाद को ट्रैफिक मुक्त करने के लिए GDA द्वारा 4 चौराहों को सिग्नल फ्री करने, नए स्लिप रोड बनाने का फैसला लिया गया है।

Ghaziabad: गाजियाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से 3 महीने के भीतर 4 चौराहों सिग्नल फ्री करने का फैसला लिया गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की तरफ से इस पर काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनाने का फैसला किया गया है। वहीं हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर समेत राजनगर एक्सटेंशन में नई सड़कें बनने से ट्रैफिक से मुक्ति मिल जाएगी।  

मीडिया से बात करते हुए मधुबन बापूधाम के बुनकर मार्ट में GDA उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि आधुनिक अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण, खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजना भी संचालित हो रही हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि इसक मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक की समस्या को दूर करने की है। शहर में 4 चौराहों सेठ मुकंदलाल चौराहा, डायमंड कट, हापुड़ चुंगी और सिद्धार्थ विहार डीपीएस को भी 3 महीने में सिग्नल फ्री कर दिया जाएगा। 

हाईवे पर ट्रैफिक कम होगी

एलिवेटेड रोड पर दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड बनाने की भी योजना बनाई गई है। इसके बन जाने के बाद सिद्धार्थ विहार में रहने वाले लाखों लोग दिल्ली और मेरठ जाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड से आसानी से आ और जा सकेंगे। इस प्रोजेक्ट को लेकर GDA प्रजेंटेशन देगा। इस प्रजेंटेशन के बाद शासन स्तर पर 100 करोड़ रुपये का फंड मिलेगा। GDA के वीसी ने कहा कि इसके बन जाने के बाद NH 9 पर भी ट्रैफिक का दबाव भी कम कर दिया जाएगा।

इन गोल चक्करों को फिर बनाया जाएगा

चौराहों को सिग्नल फ्री करने के साथ-साथ मुख्य गोल चक्करों का ग्रीनलैंड थीम पर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। शहर की सुंदरता और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था में सुधारा होगा। पहले फेज में 5 गोल चक्करों को फिर से बनाया जाएगा। मधुबन बापूधाम योजना में स्थित राउण्ड अबाउट, राजनगर स्थित रिवर हाईटस चौराहा, अजनारा चौराहा, आरडीसी स्थित हिंट चौराहा और होली चाईल्ड चौराहा शामिल है।  

गाजियाबाद में बढ़ रहे प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण और थीम पार्क पर भी फोकस किया गया है। इसके लिए कोयल एन्क्लेव में रामायण पार्क, इंदिरापुरम में संस्कृति दर्शन पार्क, राजेंद्रनगर में डा राम मनोहर लोहिया पार्क और मधुबन बापूधाम में विकसित भारत पार्क बनाया जा रहा है। इसके अलावा  सिटी फॉरेस्ट को फिर से बनाने के लिए 55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां पर लोग  डायनासोर पार्क, फिशिंग, हॉर्स राइडिंग और जंगल स्टे का मजा भी ले सकेंगे। 

क्रिकेट स्टेडियम भी बनेगा

GDA वीसी के मुताबिक, राजनगर एक्सेटंशन में 450 करोड़ रुपये की लागत से 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी बनाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा एयरोसिटी नाम से टाउनशिप बनाई जाएगी। जिसमें हाई क्वालिटी आवासीय परिसर, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स, होटल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र, रिटेल एवं शॉपिंग ज़ोन, खेल अकादमी, संस्थागत क्षेत्र, मल्टीलेवल पार्किंग, स्मार्ट ट्रैफिक की व्यवस्था होगी।  

5379487