दिल्ली के मयूर विहार के फेज तीन स्थित एक निजी स्कूल ने फीस बढ़ोतरी कर दी। परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो स्कूल प्रबंधन ने मनमानी करते हुए उन छात्रों के प्रवेश पर रोक लगा दी, जिनके अभिभावक इस फीस वृद्धि का विरोध कर रहे थे। स्कूल प्रबंधन की इस तानाशाही से भड़के परिजनों ने स्कूल गेट पर जाकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला इतना भड़का कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने फीस बढ़ा दी है। फीस बढ़ोतरी का हवाला देते हुए बच्चों का दाखिला रोक दिया गया। करीब 15 छात्रों को स्कूल से बाहर निकाल दिया गया। यह सूचना पाते ही अभिभावक मौके पर पहुंचे और भीतर जाने का प्रयास किया। लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें भीतर प्रवेश नहीं करने दिया, जिससे अभिभावकों का गुस्सा बढ़ गया।
अभिभावकों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ऐसे व्यवहार कर रहा है, जैसे कि अभिभावक नहीं बल्कि अपराधी पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका अपराध केवल यही है कि बच्चे को उस स्कूल में दाखिला कराया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सूचना दिए बिना फीस को बढ़ाना अनुचित है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर तानाशाही करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई। संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और अभिभावकों को शांत कराया। मौके पर पुलिसबल तैनात किया गया है। उधर, स्कूल प्रबंधन की तरफ से दावा किया जा रहा है कि फीस वृद्धि नियमों के तहत की गई है। बहरहाल, दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है।