Logo
Faridabad Police: हरियाणा के फरीदाबाद से पुलिस और छुट्टी पर आए फौजियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल फरीदाबाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Faridabad Police: फरीदाबाद के भूपानी गांव से पुलिस और आरोपियों के साथ मारपीट का मामला सामने आ रहा है। यहां राजपाल नाम के व्यक्ति के घर पर शादी का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार के ज्यादातर सदस्य बारात में गए हुए थे, जबकि घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी रोहताश उर्फ तोता, रोहित उर्फ भोला और आकाश उर्फ लीलू समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडें और फरसे लेकर उनके घर पर हमला कर दिया। ये तीनों आरोपी सेना के सिपाही हैं और छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। रोहताश और रोहित सगे भाई हैं, जबकि आकाश उनके चाचा का बेटा है। हमलावरों ने महिलाओं के साथ मारपीट की, जिससे घर में हंगामा मच गया। महिला ने तुरंत भूपानी थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने पुरानी दुश्मनी के कारण यह हमला किया है। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। 

पुलिस पर हमला 

पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपियों ने पूछताछ का विरोध किया। सब-इंस्पेक्टर देशराज, हवलदार पंकज और एसपीओ नरेंद्र की टीम ने जब आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तो वे लाठी-डंडों के साथ बाहर आ गए। हाथापाई में एक युवक ने एसआई देशराज को कंधे पर उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई और वर्दी फट गई। महिलाओं जैसे ओमवती और महावीरी ने भी पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की, उनका कॉलर पकड़ा और गाली-गलौच किया,जिससे सरकारी कार्य में बाधा पड़ी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट साफ दिखाई दे रही है। पुलिस टीम किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकली और थाने लौट आई। 

कानूनी कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स के साथ दोबारा गांव में दबिश दी। त्वरित कार्रवाई में रोहताश उर्फ तोता, रोहित उर्फ भोला और आकाश उर्फ लीलू को गिरफ्तार कर लिया गया। एसआई देशराज की शिकायत पर भूपानी थाने में मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, वर्दी फाड़ने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को सबूत के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। अन्य आरोपियों जैसे गजराज, नीरज, ओमवती और महावीरी की तलाश जारी है। जांच में पता चला कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से कहासुनी चल रही थी, जो शादी के दिन उग्र हो गई। 
 

Latest news

5379487