haribhoomi hindi news
Labor Protest: नोएडा फेज-2 में सैलरी बढ़वाने को लेकर श्रमिकों ने लगातार 6 घंटे तक जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि श्रमिक महंगाई के इस दौर में 350 रुपए के लगने वाले इंक्रीमेंट से असंतुष्ट हैं।

Labor Protest: नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र में स्थित होजरी कॉम्पलेक्स में 10 से अधिक फैक्ट्रियों के श्रमिकों ने सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लगभग 6 घंटे तक फैक्टरी के बाहर श्रमिकों ने हंगामा किया। अप्रैल के पहले सप्ताह में वेतन वृद्धि कम होने से श्रमिकों में गुस्सा बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के इस दौर में मात्र 350 रुपये का इंक्रीमेंट बिल्कुल बेकार है। 

श्रमिकों ने गारमेंट एक्सपोर्ट इकाइयों के प्रबंधन से बातचीत की और हरियाणा में बढ़ाए गए वेतन का जिक्र भी किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। गुरुवार को उन्होंने विरोध दर्ज कराया था। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक श्रमिक एकत्रित हो गए और कॉम्प्लेक्स की सड़कों पर हंगामा शुरू कर दिया। 

प्रदर्शन के दौरान श्रमिक डीएमसी मार्ग (डीएससी मार्ग) पर पेट्रोल पंप के पास यूटर्न पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच कुछ श्रमिकों ने पथराव भी किया, जिसे पुलिस बल ने रोक लिया। डीएमसी मार्ग पर श्रमिकों की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। पुलिस ने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की और श्रमिकों को फूल मंडी में बैठक के लिए ले गई। होजरी कॉम्प्लेक्स में गारमेंट एक्सपोर्ट की कई इकाइयां हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं। प्रदर्शन में शुरू में 11 श्रमिक इकट्ठा हुए थे, जो बाद में बढ़ गए। श्रमिकों ने सड़कों पर हंगामा कर यातायात को भी प्रभावित किया। 

फूल मंडी में हुई बैठक में सभी उद्यमी संगठनों ने श्रमिकों की सभी मांगों का जल्द समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। इसके बाद श्रमिक शांत हो गए। पुलिस ने पूरे समय स्थिति को नियंत्रण में रखा और श्रमिकों को समझाया। श्रमिकों ने प्रबंधन से वेतन वृद्धि की मांग की थी, लेकिन शुरुआती वार्ता में कोई नतीजा नहीं निकला। बैठक के बाद तनाव कम हुआ और प्रदर्शन समाप्त हो गया। 

7