haribhoomi hindi news
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी है। पिछले सप्ताह से राजधानी में कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम व न्यूनतम तापमान 19 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Delhi Weather: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। सुबह के समय कंपकंपाती ठंड से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम सहित एनसीआर के अन्य इलाकों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी है। वहीं, फॉग की वजह से सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो गई है। इतना ही नहीं, दिल्ली के लोग बढ़ते प्रदूषण की वजह से भी परेशान है। 

मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में रविवार यानी आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम व न्यूनतम तापमान 19 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यह सामान्य से ज्यादा है। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में दृश्यता 200 मीटर और रिज पर 500 मीटर रही। सुबह 8.30 बजे के बाद दृश्यता में सुधार होना शुरू होगा। आर्द्रता 88 से 87 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई है। 

फ्लाइट्स और ट्रेनों पर पड़ा असर

देशभर से चलकर नई दिल्ली पहुंचने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। हालांकि कोहरे का असर सिर्फ ट्रेनों पर नहीं बल्कि उड़ानों पर भी पड़ रहा है। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर भी फ्लाइट को टेक ऑफ और लैंडिग में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। तकरीबन 80 उड़ानों में देरी हुई है। शनिवार को दिल्ली आने-जाने वाली कुल 53 ट्रेनें प्रभावित रहीं। जानकारी के मुताबिक, 30 ट्रेनें देरी से दिल्ली पहुंचीं, जबकि 23 ट्रेनें नई दिल्ली स्टेशन से देरी से रवाना हुईं।

 

स्मॉग के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश की सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन राजधानी तक घंटों देरी से चल रही है। इस कोहरे के कारण राजधानी में भी कोई दूसरा विकल्प नहीं है, जिसके कारण ट्रेनें देर से पहुंच रही हैं। जम्मू तवी से नई दिल्ली राजधानी 3 घंटे देरी से पहुंची। वहीं, नई दिल्ली से शुरू होने वाली ट्रेनों की बात करें तो नई दिल्ली से राजेंद्र नगर पटना तक चलने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस 3 घंटे 20 मिनट लेट थी।

प्रदूषण का कहर

दिल्ली के लोगों को जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ रही है। हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है और आज एक बार फिर AQI 400 के पार पहुंचने की संभावना है। नए साल के जश्न के दौरान होने वाली आतिशबाजी भी शहर की हवा खराब कर सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों में चेतावनी दी गई है कि हानिकारक स्थितियां कम से कम तीन और दिनों तक बनी रहने की संभावना है। अगर लोग नए साल की पूर्व संध्या पर पटाखे फोड़ेंगे तो हवा की गुणवत्ता और भी खराब होने की संभावना है। दिल्ली में भले ही पटाखों पर पूरी तरह से बैन है। लेकिन इसका असर देखने को नहीं मिल रहा है। नए साल के मौके पर लोग आतिशबाजी कर सकते हैं, जिसका खामियाजा खराब हवा के रूप में भुगतना पड़ सकता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में 24 घंटे का औसत AQI 401 तक पहुंच गया। यह 'खतरनाक' जोन में है। शाम 4 बजे तक, AQI 'बहुत खराब' स्तर पर पहुंच गया, जो 400 तक पहुंच गया। शहर का AQI शुक्रवार शाम 4 बजे 382 (बहुत खराब) और गुरुवार को 358 (बहुत खराब) था। लेकिन नए साल के जश्न को देखते हुए इसके आसानी से 400 के पार जाने का खतरा है।

7