Delhi Weather Update: देश के ज्यादातर राज्यों में इन दिनों लगातार तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ो ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह राजधानी दिल्ली में भी मौसम में आए अचानक बदलाव ने लोगों को गर्मी का एहसास करवा दिया है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही अप्रैल-जून वाली तपिश महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में बीते दिन यानी बुधवार का सबसे गर्म दिन रहा है। अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 8.4 डिग्री ज्यादा है। राजधानी में तापमान बढ़ने के साथ-साथ अब गर्मी भी लोगों को परेशान करने लगी है। हालांकि IMD ने दिल्ली में 2 दिन बाद बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी और तेज धूप से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
किस दिन होगी बारिश ?
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज 12 मार्च गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हवा की स्पीड भी 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई है। IMD का कहना है कि राजधानी में आज और कल मौसम साफ रहेगा। वहीं 12 से 17 मार्च के बीच तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। वहीं 15 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार 'दिल्ली में गुरुवार सुबह 7 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 229 अंक बना हुआ है। दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 188 गुरुग्राम 198 गाजियाबाद में 172 ग्रेटर नोएडा में 166 नोएडा में 162 अंक बना हुआ है। दिल्ली के अधिकतर इलाकों में AQI लेवल 200 से ऊपर और 300 के बीच में बना हुआ है। जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर और 400 के बीच बताया जा रहा है।