Logo
फरवरी में सुबह और शाम सर्द हवा चलती है, जबकि दोपहर की धूप सुहावनी लगती है। इसे गुलाबी सर्दी कहते हैं, लेकिन इस बार गुलाबी सर्दी पहले ही विदा ले रही है। जानिये वजह

दिल्ली एनसीआर में पिछले तीन दिनों के चलते तेज धूप निकल रही है, जिस कारण दोपहर के समय लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। हालांकि 13 फरवरी को तेज हवा चलने की वजह से गर्मी का कम अहसास हुआ, लेकिन 14 फरवरी की तेज धूप ने लोगों के माथे पर पसीना ला दिया। फरवरी माह को 'गुलाबी सर्दी' वाले माह के तौर भी माना जाता है। इस दौरान सुबह और शाम को ठंडी हवा चलती है, जबकि दोपहर की धूप सुहानी लगती है। लेकिन अब लग रहा है कि गुलाबी सर्दी दिल्ली एनसीआर से रूठी है। 

मौसम के जानकारों के हवाले से बताया जा रहा है कि दिल्ली में सर्दियों की बारिश की कमी दर्ज की गई। कई जगह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बने, लेकिन राजधानी दिल्ली पर इसका असर नहीं पड़ा। यही  नहीं, उत्तर भारत से होकर गुजरने वाले ज्यादातर पश्चिमी विक्षोभ कमजोर थे। जनवरी महीने में ही बारिश हुई, लेकिन फरवरी महीने से ना के बराबर बारिश देखी गई। इन सब कारणों के चलते ही तापमान में बढ़ोतरीी दर्ज की गई है। हालांकि तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे गर्मी बढ़ने की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन दोबारा से सर्दी की वापसी के आसार कम ही नजर आते हैं। 

कैसा रहेगा फरवरी में दिल्ली का मौसम

दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आज भी आसमान साफ रहेगा और कल यानी 16 फरवरी को भी आसमान पर बादल की आवाजाही नहीं होगी। ऐसे में लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन, इन दोनों दिनों हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच रहेगी, जिससे गर्मी का अहसास कम होगा। 

दिल्ली एनसीआर में आज का एक्यूआई लेवल

सीपीसीबी के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली में आज का औसत एक्यूआई 217 दर्ज हुआ है। राजधानी के अलग अलग हिस्सों में एक्यूआई 200 से 300 के बीच बना है। गुरुग्राम में 225, ग्रेटर नोएडा में 232, नोएडा में 222, गाजियाबाद में 228 और फरीदाबाद का एक्यूआई 212 दर्ज हुआ है। तेज हवा चलने की वजह से वायु प्रदूषण में सुधार दर्ज हुआ है, लेकिन अभी भी हवा सेहत के लिहाज से खतरनाक श्रेणी में है।

5379487