Delhi Police: दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि पुलिस की इस कार्रवाई ने एक संभावित आपराधिक घटना अंजाम देने से पहले टाल दिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने पिस्तौल, कारतूस, चाकू और एक कार को बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिलोकपुरी के रहने वाले 20 साल के विशाल उर्फ टुस्सू और कल्याणपुरी निवासी 21 वर्षीय अनुराग उर्फ बुद्धि के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए स्पेशल स्टाफ को विशेष निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे।
इसी को देखते हुए एसीपी ऑप्स पवन कुमार की निगरानी में इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम में SI अमन, हेड कांस्टेबल विनीत, विशाल, नरेश और कांस्टेबल सनोज भी शामिल थे, जो लगातार जमीनी और डिजिटल स्तर पर आपराधिक गतिविधियों की कड़ी निगरानी कर रहे थे।
VIDEO | Delhi Police Special Staff (East District) cracks down on illegal arms; two arrested with pistol, cartridges, knife, and car.
— Press Trust of India (@PTI_News) April 1, 2026
(Source: Third Party)#Delhi pic.twitter.com/dHtBg441UV
पुलिस ने आरोपियों को कैसे पकड़ा ?
टीम को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई, जहां उन्होंने एक सफेद फोर्ड इकोस्पोर्ट कार में सवार दो संदिग्धों को आते हुए देखा। टीम ने उन्हें रोक लिया और कार की तलाशी शुरू कर दी। टीम को तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक बटन वाला चाकू मिला।
अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे आरोपी
आरोपियों से टीम ने जब पूछताछ की तो पता लगा कि वे किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे,लेकिन पुलिस की कार्रवाई ने उनका प्लान विफल कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पांडव नगर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ करके उनके दूसरे साथियों के बारे में भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।









