Delhi Cylinder Scam: दिल्ली में पुलिस ने अवैध सिलेंडर की सप्लाई के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Cylinder Scam: दिल्ली पुलिस ने अवैध गैस सिलेंडर जमा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी करके अवैध गैस सिलेंडर जमा करने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सिलेंडर बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने करीब 45 गैस सिलेंडर को जब्त किया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करके गिरोह के दूसरे आरोपियों के बारे में पता लगाएगी। 

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस को जब मामले के बारे में पता लगा तो टीम मौके पर पहुंच गई, तो उन्होंने देखा कि वहां सरेआम अवैध तरीके से गैस भरने का काम चल रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह सारा काम जनकपुरी स्थित 'ब्लू फ्लेम गैस सर्विसेज' के नाम पर किया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी गैस सिलेंडरों को अपने कब्जे में ले लिया है। 

पुलिस आगे भी करेगी कार्रवाई

पुलिस ने छापेमारी करके मौके से 45 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, इसके अलावा एक टेम्पो भी जब्त कर लिया गया है। इस टेम्पो का इस्तेमाल इन सिलेंडरों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में मौके से 3 लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गैस सिलेंडर जमा करने और बिना परमिशन गैस भरने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।