दिल्ली पुलिस की एंटी गैंगस्टर स्कवॉड (एजीएस) क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपी को द्वारका के नांगली इलाके से गिरफ्तार किया है। वह एक दशक से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और लगातार कानूनी कार्यवाही से बचता रहा है।

दिल्ली पुलिस की एंटी गैंगस्टर स्कवॉड (एजीएस) क्राइम ब्रांच ने नौकरों के नाम पर संगठित अपराधिक गिरोह चलाने वाले किंगपिन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी द्वारका के नांगली इलाके से हुई है। यह गिरफ्तारी इसलिए बड़ी मानी जा रही है क्योंकि वह दिल्ली में ही नहीं बल्कि आसपास के कई राज्यों में भी गिरोह को ऑपरेट कर रहा था। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी की पहचान बिहार के मधुबनी जिला निवासी राहुल उर्फ दहुर उर्फ राजू मुखिया के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दिल्ली के साथ ही हरियाणा में भी कई मामले दर्ज हैं। वह अदालत से बचता रहा, जिसके कारण उसे भगौड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस ने बताया कि अब आरोपी राहुल को द्वारका के नांगली से अरेस्ट कर लिया गया है। जांच में पता चला है कि वह केवल दिल्ली और हरियाणा में ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी अपना गिरोह चला रहा था। 

ऐसे बनाता था लोगों को शिकार 
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अमीर लोगों के घरों में बतौर नौकर काम करने लगते थे। उन्हें लोगों का दिल जीतने के लिए बाखूबी प्रशिक्षण दिया जाता था। जैसे ही लोग उन पर भरोसा करते, वे घर में रखा कीमती सामान चोरी करके फरार हो जाते। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। 

रोडरेज मामले में केस दर्ज
उधर, सोशल मीडिया पर दिल्ली में रोडरेज का वीडियो वायरल हो रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 के तहत लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि यह वायरल वीडियो द्वारका एक्सप्रेसवे पर यशोभूमि राउंडअबाउट के पास की बताई जा रही है। वाहन चालक की पहचान कर ली गई है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि सड़क नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।