दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का रुख: आसमान छाए घने बादल, शाम को आंधी के साथ बारिश की संभावना

weather updates
X
मौसम की जानकारी।
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला हुआ दिखाई दे रहा है। बादलों और सूर्यदेव में लुका छिपी का सिलसिला देखने को मिल रहा है।

Delhi-Haryana Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से मौसम का रुख बदल गया है। आज शनिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में बादल और सूर्य देवता के बीच आंख मिचौली देखने को मिल रही हैं। ये सिलसिला दिनभर यूं ही चलेगा। हालांकि, शाम के वक्त धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दरअसल, गुरुवार को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हुआ जिसके चलते आज बारिश होने की संभावना है।

धूलभरी आंधी के साथ बारिश की संभावना

बीते दिन यानी शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री रहा, यह सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 15 से 61 प्रतिशत तक रहा। स्काईमेट के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। धूल भरी आंधी की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने की संभावना है। स्काईमेट के अनुसार पिछले एक हफ्ते से मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है, यह सिलसिला अभी अगले कुछ दिन और जारी रहेगा।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान

वहीं, रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहेगा। हालांकि, दिन में तेज हवाएं चलने के सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार और बुधवार तो फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। जिससे लोगों को हल्की गर्मी झेलनी पड़ सकती है। हालांकि, इसके बाद 9 मई को फिर से बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 23 से 24 डिग्री रह सकता है। गौरतलब है कि मई की शुरुआत ठंडी रही है। जानकारी के मुताबिक अभी 15 मई तक लू नहीं चलेगी।

ये भी पढ़ें:- यूपी में पश्चिम विक्षोभ एक्टिव, आज बदलेगा मौसम का मिजाज

हरियाणा के मौसम का हाल

उधर, हरियाणा के मौसम की बात की जाए तो प्रदेश में आज बारिश की संभावना बहुत कम है। मौसम वैज्ञानिकों का दावा है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम हो गया है। लिहाजा बारिश की संभावना भी कम है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ और हरियाणा में आज बादल छाए रहने की संभावना है। बता दें कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story