Logo
election banner
Kailash Gahlot ED Summon Live Updates: शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत शनिवार सुबह करीब 11 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।

Kailash Gahlot ED Summon Live Updates: शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ईडी शनिवार को ईडी कार्यालय पहुंचे। इस मामले में दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। ईडी ने शनिवार सुबह ही मंत्री कैलाश गहलोत को समन भेजकर ईडी दफ्तर में पेश होने का निर्देश दिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद सुबह करीब 11 बजे गहलोत ईडी के दिल्ली दफ्तर पहुंचे।  कैलाश गहलोत से दिल्ली ईडी दफ्तर में करीब पांच घंटे तक सवाल जवाब चला। इसके बाद कैलाश गहलोत अपने घर के लिए रवाना हो गए।

शराब नीति का ड्राफ्ट बनाने में शामिल रहे हैं गहलोत
जांच एजेंसी का दावा है कि कैलाश गहलोत दिल्ली शराब नीति का मसौदा तैयार करने वाले ग्रुप का हिस्सा रहे हैं। कैलाश गहलोत ने इस ड्राफ्ट को शराब कारोबार से जुड़े साउथ लॉबी में लीक किया था। दक्षिण भारत के शराब कारोबारियों के इस ग्रुप पर दिल्ली में शराब कारोबार करने के लिए करीब 100 करोड़ रुपए की रिश्वत देने का आरोप है। ईडी ने कैलाश गहलोत को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत अपना बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था। 

मामले में पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
बता दें कि दिल्ली में शराब नीति का मसौदा 2021-22 में बनाया गया था। इसे तैयार करने में दिल्ली के तत्कालीन  डिप्टी CM मनीष सिसोदिया और पूर्व शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन की भी भूमिका थी। यह दोनों पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साथ ही शराब कारोबार की साउथ लॉबी से जुड़ी तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की बेटी के. कविता की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। अगर कैलाश गहलोत की भूमिका भी संदिग्ध पाई जाती है तो उनकी भी गिरफ्तारी की जा सकती है। 

गहलोत को ईडी का समन मिलने पर क्या बोले दिलीप पांडे?
शनिवार सुबह ईडी के समन मिलने के बाद कैलाश गहलोत ने कहा कि मैं आज ही जांच में शामिल होने के लिए जाऊंगा। आप नेता दिलीप कुमार पांडे ने गहलोत को समन मिलने पर कहा कि अगर ईडी का समन नहीं आता तो ज्यादा हैरानी होती। अब पूरा देश तानाशाही के खिलाफ एकजुट हो रहा है। हमने पूरे देश से भाजपा की गुंडागर्दी और अरविंद केजरीवाल की गिरप्तारी के खिलाफ विरोध करने का आह्वान किया है। 

जिस-जिस ने चोरी किया उसे जवाब देना होगा: वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक बार फिर आप पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली शराब नीति मामले में आम आदमी के कई नेता घोटाले में शामिल हैं। इसमें जिस-जिस ने चोरी की है, उसे जवाब देना होगा। वैसे तो अरविंद केजरीवाल को खुद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन AAP का चरित्र ऐसा है कि उसमें नैतिकता नाम की कोई चीज है नहीं। जांच एजेंसी इस मामले में अपना काम कर रही है। न्यायालय अपनी समीक्षा करेगा और जो निर्णय आएगा उसका स्वागत किया जाएगा।

ईडी का समन देना रोजाना चलता रहता है: गोपाल राय
दिल्ली आम आदमी पार्टी के प्रभारी और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कैलाश गहलोत को समन भेजने पर कहा कि जांच एजेंसियां बराबर समन देते रहते हैं। रोजाना इनका समन चलता है, ईडी और सीबीआई रोज समन देती है। भारतीय जनता पार्टी को समन भेजना है, जब चाहे, तब भेज दे।'

कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली का कैलाश गहलोत पर तंज
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को ईडी ने शनिवार को एक समन भेज आज ही दफ्तर में पेश होने के लिए कहा था। इसके जवाब में कैलाश गहलोत ईडी के दफ्तर पहुंच गए हैं। ईडी के इस रुख पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 'ये एक फैशन बन चुका है जब तक ईडी वाले समन ने भेज दें, तब तक उन्हें खाना हजम नहीं होता है।'

नजफगढ़ से विधायक है कैलाश गहलोत
नजफगढ़ से आप आदमी पार्टी के विधायक गहलोत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में परिवहन, कानून और गृह मंत्री है। इस मामले में AAP गिरफ्तार हो चुके AAP के संचार प्रभारी विजय नायर के मंत्री कैलाश गहलोत के सरकारी बंगले में रहने की बात सामने आई थी। ईडी ने इसे सरकारी आवास का दुरुपयोग बताया था। इसकी जांच CBI से करवाने की मांग की थी। 

केजरीवाल के करीबी माने जाते हैं कैलाश गहलोत
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजकर अरविंद केजरीवाल को ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। केजरीवाल 1 अप्रैल तक ईडी की हिरासत में हैं। वहीं, के कविता को 9 अप्रैल तक ईडी के रिमांड में भेज दिया गया है। 

ये है पूरा मामला 
यह पूरा मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की शराब नीति को तैयार करने में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित है, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था। ईडी ने बयान में दावा किया कि जांच में पता चला है कि के. कविता ने अन्य लोगों के साथ मिलकर दिल्ली आबकारी नीति बनाने और लागू करने में लाभ पाने के लिए अरविंद केजरीवाल तथा मनीष सिसोदिया समेत आप के शीर्ष नेताओं के साथ साजिश रची थी। ईडी ने कहा कि उसने साल 2022 में मामला दर्ज होने के बाद से देशभर में 245 स्थानों पर छापा मारा है। इस मामले में आप नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को ईडी ने पहले गिरफ्तार किया था और वे न्यायिक हिरासत में है। 

5379487