Delhi Water Crisis: दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से राजधानी में पानी की सप्लाई को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा जारी की गई चेतावनी अनुसार , 24 घंटे के लिए दिल्ली की तीन विधानसभा क्षेत्रों के पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। बताया जा रहा है कि हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े पाइप की मरम्मत की जाएगी। इस वजह से रोहिणी रिठाला और बादली विधानसभा क्षेत्र में 17 मार्च सुबह 10 बजे से अगले दिन सुबह 10 बजे तक पानी की सप्लाई रोकी जाएगी।
दिल्ली जल बोर्ड द्वारा जारी किए गए अलर्ट में कहा गया कि इन क्षेत्रों में जिस पाइपलाइन से पानी की सप्लाई की जाती थी वह क्षतिग्रस्त हो गया है और इसके जल्द से जल्द मरम्मत के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा इन इलाकों में रहने वाले लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था और जरूरी इंतजाम की सलाह दी गई है। बोर्ड ने सलाह दी है कि लोग जरूरत के हिसाब से पहले ही पानी का स्टोर करके रख लें। साथ ही विभाग ने मांग के हिसाब से टैंकर उपलब्ध कराने की भी बात कही है।
इन इलाकों में बंद रहेगी आपूर्ति
- बादली- बादली के समयपुर, बादली गांव, शिवपुरी और टीचर कॉलोनी के आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी।
- रोहिणी- रोहिणी विधानसभा क्षेत्र के भी कुछ इलाकों में पानी आपूर्ति बाधित रहेगी, जिनमें सेक्टर 19, बादली इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-1,2, 3 सूरज पार्क, प्रशांत विहार और राजा विहार जैसे इलाके शामिल हैं।
- रिठाला- दिल्ली जल बोर्ड द्वारा जारी की गई चेतावनी रिठाला के भी कई इलाकों में पानी न आने की बात कही गई है, जिनमें रिठाला के सेक्टर 16 ,17 सदर कॉलोनी और अमर ज्योति कॉलोनी में पानी न आने की बात कही गई है।