दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार ग्रेटर कैलाश में अफगान मूल के जिम ट्रेनर और मालिक नादिर शाह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के पीछे लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा जैसे गैंगस्टरों की भूमिका सामने आई थी।

दिल्ली के चर्चित हत्याओं के मामले में शामिल जिम ट्रेनर नादिर शाह हत्याकांड पर बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी अनवर खान उर्फ चाचा ने नियमित जमानत के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने पुलिस को नोटिस जारी कर स्टेट्स रिपोर्ट मांगी है। इससे पहले आरोपी अनवर खान ने पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दाखिल कर नियमित जमानत मांगी थी, जिसे माननीय न्यायालय ने 21 फरवरी 2026 को खारिज कर दिया था।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार ग्रेटर कैलाश इलाके में 12 सितंबर 2024 की रात को अफगान मूल के जिम ट्रेनर और जिम मालिक नादिर शाह पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके हत्या की गई थी। जांच से पता चला कि यह हत्या किसी व्यक्तिगत झगड़े के चलते नहीं बल्कि सुनियोजित गैंगवार का हिस्सा थी। इस हत्याकांड के पीछे हाशिम बाबा, लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई और रोहित गोदारा की भूमिका सामने आई थी। रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली। 

दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 16 सितंबर 2024 तक इस मामले में 7 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। इसके बाद अक्टूबर 2024 में मुख्य शूटर मधुर उर्फ अयान भी एनकाउंटर के बाद दिल्ली की क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ गया। आरोपी अनवर खान ने पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दाखिल कर नियमित जमानत की मांग की। पक्ष रखा कि इस मामले की जांच पूरी हो चुकी है और वह इस अपराध में सीधे तौर पर शामिल नहीं था। उधर, पुलिस ने उसकी जमानत का विरोध किया था। अब आरोपी ने दिल्ली हाईकोर्ट से नियमित जमानत की मांग की है, जिस पर माननीय न्यायालय ने दिल्ली पुलिस को स्टेट्स रिपोर्ट सब्मिट करने का निर्देश दिया है।