Delhi Advocate Suicide Case: दिल्ली हाईकोर्ट के वकील ने होटल की 15वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Advocate Suicide Case: दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके से आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर दिल्ली हाईकोर्ट के वकील ने होटल की 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान 26 साल के राजेश सिंह के तौर पर हुई है। राजेश सिंह दिल्ली के महावीर एन्क्लेव में रहते थे, और दिल्ली हाईकोर्ट में बतौर वकील ट्रेनिंग ले रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश सिंह ने कनॉट प्लेस इलाके के प्रसिद्ध 5-स्टार होटल ‘द रॉयल प्लाज़ा’में 18 अप्रैल को करीब साढ़े 6 बजे  होटल में चेक-इन किया था, अगले दिन यानी रविवार को सुबह करीब 9 बजकर 15  मिनट पर होटल की 15वीं मंजिल से उन्होंने छलांग लगा ली, होटल स्टाफ ने तुरंत मामले को सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायल राजेश सिंह को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्राइम सीन का निरीक्षण किया है।

पुलिस ने होटल के CCTV फुटेज को कब्जे में लिया

पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस होटल स्टाफ से भी पूछताछ में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि  होटल में चेक-इन के समय राजेश सिंह अकेले थे। वहीं कमरे से भी कोई सुसाइड नोट और दूसरे डॉक्यूमेंट्स नहीं मिला है।   

मृतक के परिजन ने पुलिस से क्या कहा ?

पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है, हालांकि मृतक के परिजन का कहना है कि राजेश पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। परिजन ने बताया कि कुछ व्यक्तिगत और पेशेवर मुद्दों को लेकर वे परेशान रहते थे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती मामलाआत्महत्या का लग रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच की जा रही है।