दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली परिवहन निगम कार्यालय का शिलान्यास किया। इसके बाद नानकसर गाजियाबाद इंटरस्टेट बस सर्विस का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज का दिन दिल्ली के लोगों के लिए बेहद ही शुभ है। नवरात्रि के दूसरे दिन दिल्ली के नई ईवी बसों के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो गई हैं। उन्होंने कहा कि हमारा दिल्ली की जनता से वादा है कि पूरे सार्वजनिक परिवहन को हम इलेक्ट्रिक में परिवर्तित कर देंगे। साथ ही दिल्ली से गाजियाबाद के लिए अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू की है। यह हमारा पांचवां अंतरराज्यीय मार्ग है।
उन्होंने बताया कि डीटीसी कार्यालय का भी आज शिलान्यास किया गया है। हमारा प्रयास है कि दिल्ली परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करके दिल्ली परिवहन की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर से बेहतर करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली परिवहन व्यवस्था देश और दुनिया में सर्वोत्तम होनी चाहिए। उसके लिए दिल्ली सरकार और हमारा परिवहन मंत्रालय काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत इन रास्तों पर एक अप्रैल से बढ़ेगा टोल टैक्स, पढ़ें पूरी डिटेल
यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार यमुना निरीक्षण के लिए खरीदेगी 2 वीआईपी नाव, जानिये क्या मिलेंगी सुविधाएं
परिवहन मंत्री ने आप पर साधा निशाना
इस दौरान दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली को जो-जो सुविधा देने का वादा किया था, उस ओर अग्रसर हैं। ईवी बसें हो, अंतरराज्यीय बसों की सुविधा देना हो, सब्सिडी या कोई अन्य सुविधा, इन सभी का देखते हुए काम किए गए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली परिवहन को जिस तरह से डुबाया था, उसके बाद हम इस महीने काफी अच्छी स्थिति में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल तक दिल्ली परिवहन की स्थिति और बेहतर होगी।