Logo
Delhi Double Murder Case: दिल्ली के सरिता विहार में मां-बेटी हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Double Murder Case: दिल्ली के सरिता विहार के आली विहार इलाके में बीते दिन डबल मर्डर केस से हड़कंप मच गया था। दरअसल एक घर में बेड बॉक्स में मां और बेटी का शव मिला था। पुलिस ने इस मामले में करीब 5 दिन बाद आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कहना है कि आरोपी उन्हीं की  बिल्डिंग में रहता है। पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की खुलासा हो सके। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतका की पहचान 35 साल की ज्योति और उनकी  6 साल की बेटी के तौर पर हुई है। जांच में सामने आया है कि महिला  अपने पति सुदर्शन के साथ आली विहार के एक मकान में तीसरे फ्लोर पर रहती थी। 20 फरवरी की देर शाम जब ड्यूटी से घर लौटे, तो उनकी पत्नी और बेटी उन्हें नहीं मिले, लेकिन घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे की तलाशी लेने पर सुदर्शन ने बेड को खोला तो उन्हें मां-बेटी की लाश मिली, जिसके बाद वह चीखने और जोर-जोर से रोने लगे। आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर इकट्ठा हो गए। 

मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसके दोनों  शवों को कब्जे में ले लिया गया। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या करने की संभावना जताई गई है। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के बिल्डिंग में रहने वाले 35 साल के दीनदयाल (अकाउंटेंट) पर शक हुआ, जो रिश्ते में मृतका का भांजा बताया जा रहा था। दीनदयाल वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था, और उसक फोन भी बंद आ रहा था। ऐसे में आरोपी पर पुलिस का शक गहरा हो गया।  

आरोपी का महिला से होता था झगड़ा

पुलिस का कहना है कि ज्योति का आरोपी दीनदयाल के साथ करीबी संबंध थे, दोनों के बीच संबंध को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। आरोपी महिला के कथित तौर पर ज्यादा ‘पजेसिव’ व्यवहार से परेशान हो चुका था। इसे लेकर आरोपी ने गुस्से में आकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपी ने ज्योति की हत्या करने के बाद उसकी बेटी को भी  मार डाला, इसके बाद दोनों के शवों को  बेड के बॉक्स में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया।

आरोपी बिहार से गिरफ्तार 

पुलिस के मुताबिक, हत्या करने के बाद आरोपी हरिद्वार भाग गया, जहां वह करीब 2 दिन तक रहा। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव दरभंगा पहुंच गया, ताकि पुलिस से बच सके। लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार दबिश की सहायता से उसकी  लोकेशन को ट्रैक करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को दिल्ली लेकर आएगी, जहां उससे पूछताछ करके दूसरे पहलुओं की भी जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी हत्या की साजिश पहले से रची गई थी, यह अचानक गुस्से में लिया गया फैसला था।  

5379487