Delhi Crime: दिल्ली के वजीरपुर से ई-रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद 2 भाइयों को ईंट-पत्थर, लोहे के रॉड और डंडे से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है, जबकि एक भाई का इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक की पहचान 42 साल के मोहन लाल और उनके बड़े भाई (घायल) 47 वर्षीय वीरेंद्र के तौर पर हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के नाम साहिल उर्फ नटवाला, राघव उर्फ अलीगढ़िया, अभिषेक उर्फ बधीरा और अर्जुन बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वजीरपुर जेजे कॉलोनी में रहने वाले सुरेश की बेटी की शादी थी, जिसमें उनके दोनों भाई मोहन लाल और वीरेंद्र भी शामिल हुए थे।
क्या है पूरा मामला ?
बीती रात करीब 10 बजे बारात घर पहुंची थी, उस दौरान गली में आरोपियों का ई-रिक्शा था, जिसकी वजह से बारातियों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। मोहन लाल ने ड्राइवर साहिल को ई-रिक्शा हटाने के लिए कहा था। इसी बात आरोपी और उसके साथियों का मोहन से झगड़ा हो गया।
झगड़े के दौरान आरोपी मोहन को मारने-पीटने लग गए। वहीं बीच बचाव में आए वीरेन्द्र के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की थी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दोनो भाइयों को अस्पताल पहुंचाया। जहां मोहन लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हमले के वक्त आरोपी नशे में थे
मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक घायलों को दीप के चंद बंधु अस्पताल ले जाया जा चुका था। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को 1 घंटे में गिरफ्तार कर लिया था। ऐसा भी सामने आया है कि हमले के दौरान चारों आरोपी नशे में थे। हालांकि इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की भी बात सामने आई है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।









