CM Rekha Gupta Visit Ghat: सीएम रेखा गुप्ता ने आज LG तरनजीत सिंह संधू के साथ वासुदेव घाट और यमुना बाजार इलाके दौरा करके जमीनी स्तर पर हालातों का जायजा लिया।

CM Rekha Gupta Visit Ghat: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू ने आज 8 अप्रैल बुधवार को यमुना के वासुदेव घाट और यमुना बाजार इलाके का दौरा किया है। इस विजिट का मुख्य उद्देश्य यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त करने और घाटों की बिगड़ रही हालत को सुधारना है। विजिट के दौरान सीएम रेखा गुप्ता और LG ने जमीनी स्तर पर घाटों का बारीकी से निरीक्षण किया, और आगे की रणनीतियों की भी चर्चा की है।  

सीएम रेखा गुप्ता ने दिए 3 निर्देश

जानकारी के मुताबिक, घाट का निरीक्षण करने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को 3 सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने सबसे पहले कहा कि यमुना के प्राकृतिक घाटों को इस तरह से सुधारा जाए कि छठ पूजा जैसे फेस्टिवल पर हर साल अस्थायी घाट बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च न करना पड़े।

दूसरे निर्देश में नदी से गाद  निकालने (डी-सिल्टिंग) का काम तेजी से पूरा करने के लिए कहा है। ताकि बरसात और हरियाणा से छोड़े जाने वाले पानी को नदी में आसानी से इकट्ठा किया जा सके। तीसरे निर्देश में उन्होंने कहा कि घाटों और तटों से हर तरह के अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए, ताकि यमुना साफ-सुथरी रहे और बारिश के  दिनों में जलभराव की समस्या पैदा न हो।  

जलभराव की समस्या पर होगा काम- उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू

वासुदेव घाट पर मीडिया से बात करते हुए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि दिल्ली की चुनौतियों से हम सभी अच्छी तरह वाकिफ हैं। उन्होंने इस दौरे को एक सकारात्मक उदाहरण बताते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री, एलजी, पूरी कैबिनेट और दिल्ली का प्रशासन मिलकर एक साझा नजरिए के साथ काम कर रहे हैं। LG ने बताया कि  गर्मियों में पानी की समस्या और उसके बाद मानसून के दौरान होने वाली जलभराव जैसी चुनौतियों से छुटकारा पाने के लिए अभी से जमीनी स्तर पर प्लानिंग शुरू कर दी गई है।  

आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी- उपराज्यपाल

उपराज्यपाल ने आगे कहा कि 'प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के विजन में देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ हमारे लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम किसी रातों-रात होने वाले 'क्रांतिकारी बदलाव' का दावा नहीं कर रहे हैं, बल्कि हमारा पूरा फोकस लगातार होने वाले 'क्रमिक सुधारों' पर है। कार्यों की सही तरीके से निगरानी हो सके, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ आगे भी नियमित रूप से ऐसे दौरे करते रहने का आश्वासन दिया।'