Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक 25 साल के युवक की मकान के छज्जे की ग्रिल में करंट आने से मौत हो गई। युवक मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। पढ़िए पूरी खबर...

Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां घर के छज्जे की ग्रिल में करंट दौड़ने से बिहार के रहने वाले एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में किराए के मकान में रहता था। युवक की शादी अब मात्र 2 साल पहले ही हुई थी। मृतक चार बहनों के बीच इकलौता भाई था, उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरा परिवार गहरे सदमे है।

छज्जे की ग्रिल में आया करंट

गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह घर के छज्जे की ग्रिल में करंट दौड़ने से एक युवक इसकी चपेट में आ गया और इसके बाद वह ग्रिल पर ही लटक गया। काफी देर बाद उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चारों बहनों का अकेला भाई

मृतक युवक का नाम चंदन कुमार था, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह गाजियाबाद में जयप्रकाश नगर की गली नंबर-8 में  राकेश के मकान में परिवार के साथ रहता था। चंदन के परिवार में उसके बुजुर्ग माता-पिता, चार बहनें और उसकी पत्नी हैं। चंदन पत्थर लगाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह घर में कमाने वाला अकेला था। उसकी ही कमाई से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।

2 साल पहले हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि मृतक चंदन की अब से मात्र 2 साल पहले ही शादी हुई थी। वह पूरे परिवार की जिम्मेदारी को संभाल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, चंदन हर रोज की तरह मंगलवार को भी उठने के बाद छज्जे के पास गया था। इस दौरान जैसे ही उसने लोहे की ग्रिल को पकड़ा, जिसमें पहले से करंट आ रहा था। वह उसकी चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह खुद ग्रिल से छुटा नहीं पाया और लटक गया।

मकान मालिक पर लगा आरोप

परिजनों ने चंदन को इस हाल में देखा तो चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि लोगों ने पहले बिजली के कनेक्शन को काटा और फिर चंदन को ग्रिल से हटाया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों और अन्य किराएदारों ने इस हादसे के लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना कि इससे पहले भी इसमें करंट आने की शिकायत उन्होंने मकान मालिक को दी थी। लेकिन इसके बाद भी मकान मालिक ने लापरवाही के चलते इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।