Delhi CM Rekha Gupta: राजधानी दिल्ली में लगे राष्ट्रीय ध्वज और देश के महानायकों की प्रतिमाओं के सम्मानजनक तरीके से रखरखाव किया जाएगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के संबंधित विभागों, अधिकारियों और संगठनों को निर्देश जारी किए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को एक विशेष अभियान चलाने और 30 दिनों के भीतर इसकी रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज और देश के महानायकों की मूर्तियां हमारे गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। इनका सम्मानजनक रखरखाव करना न केवल हमारा कर्तव्य है बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति और प्रेरणा का स्रोत भी हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इन प्रतीकों का आदर करें और उनके संरक्षण में योगदान दें।

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की अनोखी पहल: कानून-व्यवस्था के साथ शिक्षा में भी योगदान, युवाओं के लिए थानों में बनाई जा रही लाइब्रेरी

पिछली 'आप' सरकार पर साधा निशाना

सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली में राष्ट्रीय ध्वज तो लगवाए लेकिन उनके रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसकी वजह से कई स्थानों पर झंडे और मूर्तियों की हालत बहुत खराब हो गई है। कुछ जगहों पर झंडे के आसपास गंदगी है, तो कहीं मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। 

विशेष अभियान चलाने के आदेश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को आदेश दी हैं कि दिल्ली में जहां-जहां राष्ट्रीय ध्वज और महापुरुषों की प्रतिमाएं लगी हैं, वहां विशेष जांच अभियान चलाकर उनकी स्थिति का आंकलन करें। अगर कोई मूर्ति क्षतिग्रस्त पाई जाती है, तो उसकी मरम्मत करें या जरूरत पड़ने पर बदले। सीएम ने अधिकारियों को  30 दिनों के भीतर रिपोर्ट जमा करने को कहा है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में कितने स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज और प्रतिमाओं का निरीक्षण किया है इसकी जानकारी होनी चाहिए। रिपोर्ट में यह जानकारी भी होनी चाहिए कि किन स्थानों पर मरम्मत और सफाई की जरूरत पड़ी और कितने झंडे और मूर्तियां बदली गईं या सुधार की गई।

ये भी पढ़ें: दिल्ली सरकार का अधिकारियों को फरमान: सांसदों और विधायकों के फोन और पत्र का देना होगा जवाब, आनाकानी करने पर होगी कार्रवाई