Logo
election banner
शाहदरा साइबर पुलिस की टीम ने वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से 50 से ज्यादा लड़कियों के साथ ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया है।

Matrimonial Website Fake Profile: वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से लड़कियों के साथ ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कई लड़कियों को शादी का झांसा देकर ठगा है। इसकी जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने साथी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी और वहां से वह लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था।

शादी का झांसा देकर कई लड़कियों से की ठगी

दिल्ली के शाहदरा इलाके में पुलिस ने एक शातिर जालसाज एवं ठग को गिरफ्तार किया है। इस पर 50 से ज्यादा लड़कियों को शादी का झांसा देकर ठगने का आरोप है। आरोपी ने साथी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी, जिसमें वह खुद को डॉक्टर बताता था। आरोपी का नाम 40 वर्षीय रंजीत रंजन ठाकुर बताया गया है। वह ग्रेजुएट है और पेशे से बीमा एजेंट है। वह दो बच्चों का पिता है। पुलिस ने आरोपी से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

साथी डॉट कॉम पर बनाई फर्जी प्रोफाइल

पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक पीड़िता ने शिकायत दी कि वह साथी डॉट कॉम पर डॉ. अमन शर्मा के संपर्क में आई थी। उसने शादी का झांसा देकर उससे एक लाख 13 हजार रुपये ठग लिए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी ने उसे धोखा देने के लिए फर्जी नाम और फोटो का इस्तेमाल किया था।

आरोपी ने पूछताछ में किया खुलासा

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। तफ्तीश उस बैंक अकाउंट पर केंद्रित हुई, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर मिला। उसे सर्विलांस पर लिया गया। इसके बाद आरोपी की लोकेशन मिलने पर उसे मोहन ब्लॉक गली नंबर 5, सागरपुर से दबोच लिया गया। पूछताछ में रंजन ने खुलासा किया कि उसने साथी डॉट कॉम के जरिये अब तक 50 से अधिक लड़कियों को धोखा दिया है। पुलिस इसका पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है।

5379487