Ghaziabad Road Accident: यूपी के गाजियाबाद में शुक्रवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा होने से तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के IPEM कॉलेज के एग्जिट पॉइंट के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक थार गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी थी और गाड़ी में सवार लोग नीचे उतरकर एक बाइक सवार युवक से बात कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, थार गाड़ी में सवार कुछ लोग दिल्ली से मेरठ की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उन लोगों ने किसी वजह से एक्सप्रेसवे की मुख्य लेन पर गाड़ी रोक दी। इसके बाद दो लोग थार से उतरकर एक बाइक सवार से बात करने लगे और इसी दौरान हादसा हो गया।
ट्रैवलर बस ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि जब यह तीनों एक्सप्रेसवे पर खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी बीच एक ट्रेवलर बस ने पीछे से आकर इन तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि मौके पर ही एक बाइक सवार और कार सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
तीसरे की अस्पताल में मौत
इस हादसे में घायल हुए तीसरे युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस तरह से हादसे में कुत तीन लोगों की जान चली गई।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फिलहाल ट्रैवलर बस को कब्जे में ले लिया और चालक की तलाश जारी है। इसके अलावा हादसा किस वजह से हुआ पुलिस इसका पता लगाने में भी जुटी हुई है।









