Delhi Police: दिल्ली के रोहिणी से एक बाइक टैक्सी ड्राइवर के द्वारा महिला के साथ बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला गुरुवार रात को उबर बाइक से सफर कर रही थी इसी दौरान यह वारदात हुई। इस मामले की शिकायत पीड़िता ने केएनकाटजू मार्ग थाने में पुलिस को दे दी है। पुलिस ने पीड़ित महिला द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश करनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला एक कंपनी में सेल्स डिपार्टमेंट में काम करती है। पीड़िता ने मीटिंग में जाने के लिए उबर ऐप पर टैक्सी बाइक बुक की थी।
महिला को गलत तरीके से छूआ
पीड़ित महिला के मुताबिक, जब उसने बाइक बुक की थी तो उसमें चालक का नाम सचिन आ रहा था और जब वह बाइक पर बैठ गई तो कुछ दूर तक सामान्य तरीके से चलने के बाद बाइक ड्राइवर ने उसे गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया। जब महिला ने बाइक चालक की इसी बात का विरोध किया तो वह अचानक से ही आक्रामक हो गया। महिला ने बताया कि उसने जानबूझकर बाइक को गलत तरीके से चलाना शुरू कर दिया और बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। महिला ने जब से उससे बाइक रोकने कहा तो उसने उसे चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी दी।
गतल रास्ते पर बाइक ले गया आरोपी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला ने बताया कि आरोपी चालक निर्धारित रास्ते पर बाइक ले जाने के बजाय उसे सुनसान रास्तों की ओर ले जाने लगा। इस दौरान महिला को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उसने हिम्मत दिखाते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया और चलती बाइक से कूदने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी चालक घबरा गया और महिला को बीच सड़क पर छोड़कर भाग गया। महिला ने बताया कि आरोपी कुछ देर बाद फिर लौटकर आया और उसे जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पुलिस फिलहाल तकनीकी और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।