Pawan Singh: भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को हरियाणा महिला आयोग ने 2 को अप्रैल को फरीदाबाद स्थित कार्यालय पर तलब किया है। भोजपुरी सिंगर की यह मुश्किलें अंजलि राघव को गलत तरीके से छूने की वजह से बढ़ी हैं।

Pawan Singh: भोजपुरी फिल्मों के हीरो और सिंगर पवन सिंह की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ गई हैं। पवन सिंह को भोजपुरी फिल्मों का पावर स्टार कहा जाता है, जिन्होंने एक स्टेज शो में हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव को गलत तरीके से छुआ था। इसी मामले में महिला आयोग ने पवन सिंह को तलब किया है। ऐक्ट्रेस अंजलि राघव द्वारा याचिका दिए जाने के बाद हरियाणा महिला आयोग ने पवन सिंह को नोटिस भेजकर 2 अप्रैल को हाजिर होने को कहा है।

पूरा मामला अगस्त साल 2025 का है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मंच पर पवन सिंह और अंजलि राघव दोनों मौजूद थे। इस दौरान पवन सिंह ने अंजलि राघव को मंच पर गलत तरीके से छुआ था। पवन द्वारा अंजलि को मंच पर गलत तरीके से छुए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया जिसके बाद काफी हंगामा हुआ। यहां तक कि इस मामले के बाद अंजलि राघव ने भोजपुरी इंडस्ट्री को छोड़ने का तक फैसला किया था। लेकिन बाद में दोनों स्टार के बीच इस मामले को लेकर समझौते की भी बात सामने आई थी। वहीं अंजलि राघव की शिकायत के बाद एक बार यह मामला फिर से तूल पकड़ रहा है।

अंजलि राघव ने इस मामले की शिकायत हरियाणा महिला आयोग से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि पहले एक्टर के द्वारा उन्हें गलत तरीके से छूआ गया और बाद में इसका वीडियो बनाकर छवि खराब करने के लिए उसे सोशल मीडिया वायरल किया गया, जिसका असर उनके काम पर भी पड़ा। अंजलि का आरोप कि जिस तरह से उनके साथ व्यवहार किया गया है। उससे उनकी मानहानि हुई और वह मानसिक रूप से इस चीज को लेकर परेशान भी हुई हैं। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए हरियाणा महिला आयोग ने पवन सिंह को फरीदाबाद स्थित कार्यालय में तलब किया है। 2 अप्रैल को उन्हें महिला आयोग के सामने इस मामले में अपनी सफाई पेश करनी होगी।