AI Summit Shirtless Protest: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के 9 कार्यकर्ताओं को शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। इन कार्यकर्ताओं को अब दिल्ली कोर्ट ने जमानत दे दी है। इसे लेकर पटियाला हाउस कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रवि ने कहा कि 'यह प्रदर्शन एक प्रतीकात्मक राजनीतिक विरोध था, मुकदमे से पहले हिरासत में रखना दोष सिद्ध होने से पहले दंड जैसा हो सकता है।'
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट ने शर्टलेस प्रदर्शन के केस में कृष्णा हरि, नरसिंह यादव, कुंदन कुमार यादव, अजय कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह यादव, राजा गुर्जर, अजय कुमार विमल उर्फ बंटू, सौरभ सिंह और अरबाज खान को जमानत दे दी है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि विरोध एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रतीकात्मक राजनीतिक आलोचना थी। प्रदर्शनकारियों ने नेतृत्व की तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी थी, इस दौरान ऐसे नारे लगाए गए थे जो न तो भड़काऊ थे और न ही किसी सांप्रदायिक या क्षेत्रीय भावना से जुड़े थे।
रिकॉर्ड में सबूत नहीं-कोर्ट
कोर्ट के मुताबिक, रिकॉर्ड में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों के बीच भ्रामक सूचना फैलने की बात साबित हो सके।सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में सभी शांतिपूर्वक बाहर निकल गए थे। कोर्ट का यह भी कहना है कि मौजूदा जांच में, इसकी कोई जरूरत नहीं है, जिसकी वजह से आरोपियों को हिरासत में रखा जाए। यह टिप्पणी करते हुए कोर्ट ने 9 आरोपियों को शर्तों के साथ जमानत दी है।









