Logo
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में महिलाओं को लिफ्ट देकर लूटने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए चोरी की बाइक, गहने और नगदी।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में महिलाओं को लिफ्ट देकर लूटने वाला एक शातिर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी महीनों से सुनसान सड़कों पर अकेली महिलाओं को अपना निशाना बना रहा था। स्कार्फ पहनकर खुद को मददगार दिखाने वाला यह लुटेरा तीन थानों की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था, जिसे आखिरकार सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा गया।

मदद के नाम पर लूट की शुरुआत
7 फरवरी 2026 को ग्राम बुडगहन की 50 वर्षीय खेमेश्वरी वर्मा मायके से लौट रही थीं। सवारी न मिलने पर उन्होंने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली। युवक ने चेहरा स्कार्फ से ढक रखा था। रास्ते में ग्राम भटभेरा के पहले नर्सरी के पास सुनसान जगह पर बाइक रोककर उसने महिला को धमकाया और उनके गहने और नगदी लूटकर फरार हो गया। बाद में पता चला कि यह घटना अकेली नहीं थी, बल्कि एक लूट श्रृंखला का हिस्सा थी।

आरोपी मनोज जोशी
गिरफ़्तार आरोपी मनोज जोशी

पैटर्न पकड़ते ही खुला पूरा मामला
थाना सुहेला और हथबंद पुलिस को पहले से ही महिला लूट की कई शिकायतें मिल रही थीं। सभी मामलों में एक जैसा तरीका सामने आया- अकेली महिला, सुनसान सड़क, लिफ्ट और लूट। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सिमगा से हथबंद और सुहेला के बीच तीन और महिलाओं को इसी तरीके से निशाना बना चुका था।

संयुक्त टीम की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर सुहेला, हथबंद थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, रास्ते में मौजूद ढाबों और दुकानों में लगातार पूछताछ की और मोबाइल लोकेशन सहित तकनीकी विश्लेषण किया। इस गहन जांच के बाद 41 वर्षीय मनोज जोशी को पकड़ा गया। आरोपी ने पूछताछ में सभी वारदातों को स्वीकार कर लिया।

आरोपी के बारे में चौंकाने वाले तथ्य
आरोपी लूट में जिस बाइक का इस्तेमाल करता था, वह भी दुर्ग जिले से चोरी की गई थी। वह घुमक्कड़ प्रवृत्ति का है और पिछले 7-8 वर्षों से भिलाई में रह रहा था। उसके खिलाफ दुर्ग जिले में चोरी के पांच पुराने मामले दर्ज हैं। उसकी गतिविधियों में फिल्मी अंदाज़ और प्लानिंग के कारण पुलिस को उसे पकड़ने में समय लगा।

बरामद सामान
लगभग तीन लाख रुपये का सामान बरामद

बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी से लगभग तीन लाख रुपये का सामान बरामद किया, जिसमें शामिल है-

  • 1.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने
  • 78 हज़ार रुपये नकद
  • एक चोरी की मोटरसाइकिल
  • तीन मोबाइल फोन
  • और पीड़ितों को डराने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला ‘पेंचिस’

अनजान व्यक्ति से लिफ्ट लेना खतरनाक
यह मामला महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी है कि सुनसान इलाके में अनजान व्यक्ति से लिफ्ट लेना कितना जोखिमभरा साबित हो सकता है। पुलिस ने भी नागरिकों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। शातिर ‘लिफ्ट लुटेरे’ की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत की भावना है।

5379487