Logo
बड़वानी के नागलवाड़ी स्थित शिखरधाम में आयोजित कृषि कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 28 हजार करोड़ रुपये की 16 योजनाओं को मंजूरी दी।  

बड़वानी। प्रदेश सरकार ने अपनी पहली कृषि कैबिनेट बैठक बड़वानी जिले के नागलवाड़ी स्थित शिखरधाम में आयोजित की। सीएम डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में हुई इस विशेष बैठक में करीब 25 मंत्रियों ने हिस्सा लिया। भीलटदेव मंदिर के पास बने 8 एकड़ क्षेत्र को अस्थायी मंत्रालय का रूप दिया गया, जहां पूरे दिन कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यह सरकार की छठी डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक रही, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार निर्णय लेना है।

निमाड़ अंचल पर केंद्रित रही रणनीति
बैठक में निमाड़ क्षेत्र के सात जिलों खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ और आलीराजपुर के किसानों से जुड़ी समस्याओं और विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी गई। राज्य सरकार ने किसान कल्याण से संबंधित छह विभागों की 16 योजनाओं के लिए लगभग 27,746 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। यह राशि सिंचाई, बाजार ढांचे और कृषि उत्पादन बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में खर्च की जाएगी।

सिंचाई और मंडी विकास को बढ़ावा
कैबिनेट ने वरला और पानसेमल माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा में विस्तार में होने की उम्मीद है। बड़वानी में आधुनिक कृषि उपज मंडी स्थापित की जाएगी, जबकि खेतिया मंडी को आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज की बेहतर बिक्री का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में कृषि विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और आदिवासी बहुल इस क्षेत्र का विकास होगा।  

मत्स्य पालन और शिक्षा में नई पहल
राज्य सरकार मछली उत्पादन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए नई मत्स्य पालन नीति लाने की घोषणा की है। प्रस्तावित नीति के तहत कोल्ड चेन, मार्केटिंग ढांचा, रेफ्रिजरेटेड वाहन और फीड प्लांट लगाने पर अनुदान देने का प्रावधान किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालयों में कृषि विषय पढ़ाने की दिशा में भी पहल की जाएगी, जिससे क्षेत्रीय युवाओं को आधुनिक खेती की जानकारी मिल सकेगी। इससे क्षेत्र का विकास होगा।

पर्यटन के साथ-साथ खेलों को भी प्रोत्साहन
भीलटदेव क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियन वैष्णवी माहुले के पिता को शूटिंग अकादमी खोलने के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की भी घोषणा की गई। बैठक के बाद सीएम मोहन यादव जुलवानिया के भगोरिया हाट पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे।  

5379487