दिल्ली नगर निगम में शाहदरा (उत्तरी) जोन में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी देवांशु गौतम को भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सीबीआई ने रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी देवांशु गौतम को आज कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। राउज एवेन्यू कोर्ट स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले सीबीआई ने आरोपियों की 2 दिन की न्यायिक हिरासत मांगी थी, लेकिन एक ही दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। एक दिन की न्यायिक हिरासत पूरी होने के बाद दोबारा से कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। 

सीबीआई के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम में शाहदरा (उत्तरी) जोन में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। अभिषेक मिश्रा ने विभागीय कार्यवाही का सामना कर रहे कर्मचारी से चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और भरोसा दिया था कि वह बचा लेंगे। 

प्रशासनिक अधिकारी देवांशु गौतम ने बिचौलिया की भूमिका निभाई। उसने रिश्वत की राशि ली और अभिषेक मिश्रा के घर पर रिश्वत की राशि पहुंचा दी। जांच एजेंसी ने पहले से जाल बिछा रखा था। जैसे ही रिश्वत की राशि पहुंची, छापा मारा और अभिषेक कुमार मिश्रा को रंगे हाथों पकड़ लिया। 

अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास रिकॉर्डिंग के सबूत मौजूद हैं, जिनमें वो रिश्वत पर बात करते सुनाई दे रहे हैं। सीबीआई ने कहा कि दोनों आरोपियों से पूछताछ पूरी हो चुकी है। अब अन्य संभावित साजिशकर्ताओं और लाभार्थियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।