पत्नी का हत्यारा पति गिरफ्तार: तेजाब फेंक कर की थी हत्या, एक साल से था फरार, आरोपी महाराष्ट्र से अरेस्ट

Acid attack on wife
X
प्रतीकात्मक तस्वीर
क्राइम ब्रांच ने जहांगीरपुरी में पत्नी की तेजाब फेंक कर हत्या के आरोपी पति को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस ने बचने के लिए धार्मिक स्थलों पर सेवादार बनकर रह रहा था।

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने पत्नी की तेजाब फेंक कर हत्या के आरोपी पति को महाराष्ट्र से अरेस्ट किया है। आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू (61) ने चरित्र पर शक के कारण गत वर्ष जहांगीरपुरी में इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी धार्मिक स्थलों पर सेवादार बनकर रह रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।

तेजाब फेंक कर की हत्या

डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 29 अप्रैल, 2023 को आरोपी ने अपनी पत्नी को मारने के मकसद से तेजाब फेंक दिया था। आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इस वजह से परिवार के अक्सर कलेश होता था। महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

दिल्ली छोड़कर फरार हो गया था आरोपी पति

इस संबंध में पुलिस ने आईपीसी की धारा 326 ए के तहत जहांगीरपुरी थाने में केस दर्ज किया, लेकिन महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने केस में हत्या की धारा भी जोड़ी। इसके बाद आरोपी दिल्ली छोड़कर फरार हो गया। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था।

पुलिस से बचने के लिए बदला हुलिया

पुलिस से बचने के लिए उसने अपना हुलिया भी बदल लिया था। इसके साथ ही वह लगातार अपने ठिकाने भी बदलता रहा। एसीपी उमेश की टीम को जितेंद्र के महाराष्ट्र में होने की सूचना मिली थी। एक टीम नासिक के लिए रवाना की गई। आखिर में उसे बारु मामा मंदिर, कोल्हापुर से पकड़ा गया। आरोपी मूलरूप से राजकोट गुजरात का रहने वाला है। पत्नी की हत्या के समय वह बेरोजगार भी था। वहीं, अब पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story