पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक अपार्टमेंट के हिस्से में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में लगी इस आग में इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगला इलाके के गजमोहिनी अपार्टमेंट के एक हिस्से में अचानक धुआं उठता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जिस हिस्से में आग लगी, वहां इलेक्ट्रॉनिक आइटम का गोदाम संचालित किया जा रहा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।
बिलासपुर के मंगला स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम जलकर खाक हो गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। @BilaspurDist #Chhattisgarh #Fire pic.twitter.com/uD3ODDk7hp
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 1, 2026
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।









