haribhoomi hindi news
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंजाब के बरनाला में रैली के दौरान आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार किया था। अब आम आदमी पार्टी ने खड़गे को खुला पत्र लिखकर कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है।

कांग्रेस की पंजाब के बरनाला में रैली का आयोजन किया गया, जिसमें राहुल गांधी ने जहां पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी करने वाले नेताओं को कड़ी चेतावनी दी, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जी को रोने का काम आता है, लेकिन इससे काम नहीं चलता। उनको राहुल गांधी की तरह अन्याय के खिलाफ लड़ना होगा। मल्लिकार्जुन खरगे  के इस बयान पर आम आदमी पार्टी की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। 

आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक्स में खरगे जी के नाम खुला पत्र लिखा है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित करते हुए लिखा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता इसलिए जेल गए क्योंकि उन्होंने सत्ता के साथ कभी समझौता नहीं किया। जबकि गांधी परिवार का एक भी व्यक्ति इतने बड़े-बड़े घोटालों के बाद भी आजतक जेल नहीं गया, क्योंकि आपने भाजपा के साथ समझौता कर लिया। कांग्रेस वाले कोई और नहीं बल्कि भाजपा के साथ मिलकर भ्रष्टाचार बढ़ाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। 

पत्र में आगे लिखा कि भाजपा को जहां जरूरत होती है, आपकी कांग्रेस वहां साथ खड़ी होती है। कर्नाटक, गोवा, हरियाणा, असम और दिल्ली समेत ना जाने और कितने राज्य हैं, जहां भाजपा ने कांग्रेस की मदद से सरकार बनाई और चला रही है। लेकिन केजरीवाल ने समझौता नहीं किया इसलिए वो कट्टर ईमानदार हैं, और आपकी कांग्रेस सत्ता से समझौता कर के बैठी है।

सौरभ भारद्वाज ने भी साधा था निशाना 

इससे पूर्व आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी एक सवाल के जवाब में कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जो लोग आप नेताओं के बरी होने के पीछे समझौते की बात कह रहे हैं, उन्हें अपने नेताओं को भी जेल भेजना चाहिए। सोनिया गांधी जी की उम्र तो ज्यादा है, लेकिन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अजय माकन जैसे नेता हैं, जो जेल जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद जेल भेजने वाले नेता आज भी जेल नहीं गए। इसके पीछे क्या कारण है, यह कांग्रेस को बताना चाहिए।

7