देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरी दुनिया में आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर नारी शक्ति को सलाम किया जा रहा है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने भी कनॉट प्लेस से एक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर देश की हर महिला के सशक्त बनाने की बीजेपी सरकारों की प्रतिबद्धता दोहराई। लेकिन, विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी ने इस मौके पर अलग ही अंदाज में बीजेपी पर तंज कसा है।
आम आदमी पार्टी , दिल्ली के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर पोस्ट लिखी है। आप ने लिखा, 'गिरफ्तारी से नहीं डरेंगे आज के युवा, दिल्ली में बीजेपी सरकार बने एक साल हो गया, लेकिन रेखा गुप्ता सरकार अब तक महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह देने का अपना वादा पूरा नहीं कर पाई। वादा याद दिलाने के लिए AAP के छात्र विंग ने कनॉट प्लेस में लोगों से 2,500 रुपये का चंदा इकट्ठा किया, ताकि यह रकम रेखा जी को देकर उन्हें उनका वादा याद दिलाया जा सके। आप ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने इन युवाओं को गिरफ्तार करवा दिया है। उन्हें लगा ये डर जाएंगे, लेकिन आप के योद्धा गिरफ्तारी से नहीं डरते रेखा जी।
सीएम को दिए जाएंगे 2500 रुपये
आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने छात्र विंग के युवाओं की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि हमारे छात्र विंग के युवाओं ने भीख मांगकर 2500 रुपये जोड़े। इसी वीडियो के कारण पुलिस ने इन युवाओं को कनॉट प्लेस से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आज महिला दिवस पर दिल्ली की सभी महिलाओं की तरफ से सीएम रेखा गुप्ता को ये 2500 रुपये गिफ्ट में देंगे ताकि थोड़ी शर्म आए।
पीएम पर भी साधा था निशाना
बता दें कि सौरभ भारद्वाज ने बीते कल यानी शनिवार को भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम रेखा गुप्ता के कामकाज पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि सीएम रेखा गुप्ता की सरकार दिल्ली में एक भी नया प्रोजेक्ट लेकर नहीं आई। केवल अरविंद केजरीवाल के योजनाओं का रंग बदलकर अपना बताने का ही काम किया है। सौरभ भारद्वाज ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि मार्च से पहले महिलाओं को 2500 रुपये मिल जाएंगे, लेकिन अब फिर से मार्च आ चुका है, लेकिन अभी तक महिलाओं को एक भी रुपया नहीं मिला है। उन्होंने पूछा कि पीएम मोदी की गारंटी आखिर कहां चली गई।