रायपुर। वैलेंटाइन डे में कानून व्यवस्था बनाए रखने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन नार्थ, सेंट्रल तथा वेस्ट जोन में पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था होने से वैलेंटाइन डे का विरोध करने वाले पार्क से लेकर मॉल तक गायब दिखे। शहर के प्रमुख पार्कों के साथ मॉल में वैलेंटाइन डे मनाने आने वाले कपल्स गिनती के दिखे। पार्क के सूनसान इलाके में बैठे दिखे कपल्स को पुलिस किसी तरह की अनहोनी से बचाने भीड़ के बीच रहने की समझाइश देती दिखी।
वैलेंटाइन डे के एक दिन पूर्व बजरंगदल के कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग पार्क जाकर कपल्स को हनुमान चालीसा देकर उन्हें अपनी सनातन संस्कृति से जुड़े पर्व तथा उत्सव लाइव मनाने की समझाइश दी थी। साथ ही बजरंगदल ने वैलेंटाइन डे के दिन अश्लीलता फैलाने वालों को दंड देने की चेतावनी दी थी। इस पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी।
मॉल में इस बार किसी तरह की तैयारी नहीं
वैलेंटाइन डे के अवसर पर मॉल में ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंचें, इसके लिए मॉल संचालक एक सप्ताह पूर्व से तैयारी शुरू कर देते थे। इस बार शहर के ज्यादातर मॉल में वैलेंटाइन डे को लेकर किसी तरह से कोई आयोजन नहीं किया। इसके साथ ही मॉल में वैलेंटाइन डे को लेकर किसी तरह से तैयारी नहीं थी। बताया जा रहा है क्रिसमस के एक दिन पूर्व मैग्नेटो मॉल में उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ की घटना से मॉल प्रबंधन सहमे हुए थे। इस वजह से वैलेंटाइन डे को लेकर किसी तरह से कोई तैयारी नहीं की गई।










