दिलीप वर्मा- तिल्दा नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा में बुधवार को सुबह नगर पालिका प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ किया गया। सांई मंदिर चौक के पास से यह अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ किया गया।
इसी बीच पालिका अध्यक्ष, कई पार्षदों के साथ हाथ जोड़कर अतिक्रमण हटाने अपील करती रही। फिर पालिका प्रशासन द्वारा जेसीबी वाहन लेकर एक छोर से अतिक्रमण हटाना प्रारंभ किया गया। जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया गया। नाली के इस पार तक के पूरे अतिक्रमण को बिना भेदभाव के पालिका प्रशासन द्वारा हटाया गया। आपको बता दें कि, इस वक्त लगभग पूरे पार्षद भी उपस्थित रहे।
तिल्दा-नेवरा में नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद बढ़ गया। विरोध में चक्काजाम किया गया, जिससे मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लग गया। @RaipurDistrict #Chhattisgarh #Encroachment #roadJam pic.twitter.com/YBGinAKbR8
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 18, 2026
यह कार्रवाई लगातार अंतिम छोर तक जारी रहेगी- अध्यक्ष
वहीं डॉ. खूबचंद बघेल चौक के आगे जब अमला अतिक्रम हटाने पहुंचा तब विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। कुछ लोग अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। इसके साथ ही दोपहर होने के कारण बुधवार की कार्रवाई वही पर स्थगित करने का निर्णय लिया गया। जिसके बाद गुरुवार से पुनः सुबह 10 बजे से सांई मंदिर चौक के पास से ही दूसरे छोर से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा ने कही। उन्होंने यह भी कहा कि, यह कार्रवाई लगातार अंतिम छोर तक जारी रहेगी।
मुख्य मार्ग सहित जोता मार्ग पर लगा लंबा जाम
इसी बीच कुछ लोग विवाद करने लगे कि, आज ही अतिक्रमण हटाया जाए। जहां पालिका अध्यक्ष और अधिकांश पार्षद ने कहा कि, कल से पुनः यह प्रक्रिया प्रारंभ होगी और अंतिम छोर तक कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं विरोध करने वाले लोगों द्वारा चक्काजाम कर दिया गया। इस बीच तिल्दा से खरोरा सिमगा मुख्य मार्ग सहित जोता मार्ग पर लंबा जाम की स्थिति बन गई।
थाने में की गई बात चित
चक्काजाम करने वाले लोग नगर पालिका सीएमओ को बुलाने की मांग कर नारेबाजी करते रहे। बाद में चक्काजाम समाप्त किया गया और सीएमओ, तहसीलदार आदि के साथ पुलिस थाने में बात चित की गई। दोपहर बाद तक थाने में भी काफी भीड़भाड़ का माहौल रहा।








