Logo
गाजियाबाद पुलिस आरोपी की निशानदेही पर सबूतों को बरामद करने मौके पर पहुंची, इस दौरान आरोपी ने पहले से छिपाए हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों पर गोली लगी हे।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में चार साल की मासूम के साथ हैवानियत के बाद हत्या करने वाले आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी है, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी अपनी जान बख्शने की गुहार लगा रहा है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नंदग्राम थाना क्षेत्र में सोमवार को चार साल की बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। सभी दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां भी बच्ची का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बच्ची की तलाश शुरू कर दी। सोमवार रात साढ़े 8 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल आई, जिसमें बताया गया कि नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक बच्ची का शव पड़ा है। 

इस पर संबंधित पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची के लापता की सूचना देने वाले परिजनों को भी मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। 

पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो आरोपी की पहचान गौरव प्रजापति के रूप में हुई। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस सबूत बरामद करने के लिए घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां पर आरोपी ने पहले से छिपाए हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन ने बताया कि आरोपी गौरव प्रजापति के दोनों पांव में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बहरहाल, मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।

7