राजेश दास- जगदलपुर। बस्तर से वामपंथी उग्रवाद के खात्मे के लिए 2026 द एंड गेम मिशन चल रहा है। फोर्स का अंतिम लक्ष्य बस्तर से वामपंथी उग्रवाद का पूर्ण उन्मूलन करना है, इसे मिशन 2026 द एंड गेम नाम दिया गया है। 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद के सफाए के एलान के बाद बस्तर संभाग में फोर्स नक्सलियों के सफाए के लिए लगातार कोर इलाके अबूझमाड़ व नेशनल पार्क क्षेत्र में ऑपरेशन चला रही है।
अलग - अलग फोर्स के हजारों जवान इस वक्त जंगल में उतरे हुए हैं। इनका फोकस खासकर उन संभावित इलाकों में है, जहां बचे हुए नक्सली हो सकते हैं। अभियान के साथ ही बचे हुए नक्सलियों से लगातार समर्पण की अपील पुलिस के अलावा नक्सलियों के परिजनों द्वारा भी की जा रही है। बता दें कि फोर्स के निशाने पर अब गिनती के बचे हुए नक्सल लीडर हैं। इनमें 2 सेंट्रल कमेटी मेंबर समेत टॉप 10 नक्सली व उनके लगभग 50 साथी शामिल हैं।
नक्सलियों की भर्ती प्रक्रिया लगभग ठहराव की स्थिति में पहुंच गई
पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों द्वारा अपनाई गई आक्रामक और सटीक ऑपरेशनल रणनीति ने उग्रवादियों के नेटवर्क, नेतृत्व और लॉजिस्टिक सपोर्ट को गहराई से कमजोर किया है। निरंतर एरिया डॉमिनेशन, इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन तथा अंदरूनी क्षेत्रों तक प्रभावी पहुंच ने उग्रवादियों के सुरक्षित ठिकानों को समाप्त कर दिया है, जिससे वे लगातार दबाव में आकर अपनी स्थिति खोते गए हैं। नक्सलियों की भर्ती प्रक्रिया आकर अपनी स्थिति खोते गए हैं। नक्सलियों की भर्ती प्रक्रिया लगभग ठहराव की स्थिति में पहुंच गई है।
अब मिशन 2026 के समापन में मात्र 12 दिन शेष
पिछले दो वर्षों में इन समन्वित प्रयासों के कारण माओवादियों को अपूरणीय क्षति और लगातार झटके लगे हैं। सुरक्षा बलों के बीच समन्वय और साझा ऑपरेशन ने यह सुनिश्चित किया है कि उग्रवादियों को पुनर्गठित होने का कोई अवसर न मिल सके। अब जब मिशन 2026 के समापन में मात्र 12 दिन शेष हैं, बस्तर पुलिस एवं अन्य तैनात सुरक्षा बल उच्चतम स्तर की सतर्कता, फोकस और आक्रामकता के साथ काम कर रहे हैं। अंतिम चरण में निर्णायक कार्रवाई, बचे कैडरों पर दबाव और आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लक्ष्य बस्तर से वामपंथी उग्रवाद को खत्म करना
आईजीपी सुदंरराज पट्टलिंगम ने कहा कि मिशन 2026 अब अपने निर्णायक एंड गेम के चरण में है, जहां हमारा प्रमुख लक्ष्य बस्तर से वामपंथी उग्रवाद का पूर्ण समापन सुनिश्चित करना है। बीते वर्षों में बस्तर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीएएफ, समेत सभी सुरक्षा बलों के समन्वित और इंटेलिजेंस आधारित अभियानों ने माओवादी ढांचे को गहराई से कमजोर किया है। वहीं प्रभावी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के कारण बड़ी संख्या में कैडर मुख्यधारा में लौटे हैं जिससे संगठन की रीढ़ टूट चुकी है।
मोस्ट वाटेंड टॉप टेन नक्सलियों में ये शामिल
फोर्स अब उन टॉप टेन मोस्ट वाटेंड नक्सलियों समेत 50 को टॉरगेट करने प्रयासरत है जिन पर केवल छत्तीसगढ़ में ही 3 करोड़ रुपए से अधिक का इनाम घोषित हैं। इनमें 1-1 करोड़ के इनामी इन टॉप नक्सलियों में सबसे शीर्ष में पोलित ब्यूरो व सलाहकार सेंट्रल कमेटी मेंबर मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति उर्फ रमन्ना 75 वर्ष निवासी वीरपुर मंडल सरंगापुर जिला करीमनगर तेलगांना का नाम आता है। इसके अलावा दूसरे नम्बर में पोलित ब्यूरो मेंबर 63 वर्षीय मिशिर बेसरा उर्फ भास्कर का नाम आता है, जो ग्राम सनथल मधुनदी, थाना कीर्तन, जिला गिरडीह झारखण्ड का रहने वाला है। इस पर छग में 40 लाख का इनाम घोषित है। इनके अलावा अन्य बचे हुए नक्सलियों में बस्तर के रहने वाले 40-40 लाख के इनामी किस्टाराम निर्मलगुड़ा निवासी एसजेडसीएम मेंबर व दक्षिण सब जोनल ब्यूरो प्रमुख पापाराव कुड़म उर्फ सुन्नम चंदैरया उर्फ मंगू दादा उर्फ चन्द्रना तथा एण्डापाट चिंतागुफा निवासी डीकेएसजेडसी मेंबर, सीवायपीसीएम कमाण्डर कम्पनी नम्बर 2 व पीएलजीए बटालियन नम्बर एक केसा सोढ़ी शामिल है।
समर्पण करने लगातार की जा रही है अपील
इसके अलावा 8-8 लाख के ईनामी पालामड़गू पोलमपल्ली निवासी डीवीसीएम दक्षिण बस्तर डिवीजन मिलिट्री कमाण्डर इन चीफ हेमला विज्जा व डीवीसीएम व आदेरबेड़ा ओरछा निवासी परतापुर एरिया कमेटी सचिव चंदर कतलाम के अलावा 5-5 लाख के इनामी कोत्तागुड़ा बासागुड़ा निवासी एसीएम जगरगुण्डा एरिया कमेटी किशोर उर्फ आयतु डोडी, आध्रप्रदेश निवासी उतर बस्तर डिवीजन परतापुर एरिया कमेटी एसीएम रूपी पति विजय रेड्डी, बड़ेपल्ली बीजापुर निवासी एसीएम मगेंश परचापी उर्फ सोमलू तथा कोटमेटा मर्दापाल निवासी एसीएम मनीषा कोर्राम मेंबर परतापुर एरिया कमेटी समेत लगभग 50 नक्सली फोर्स के हिट लिस्ट में हैं, जिन्हें जल्द समर्पण करने लगातार अपील की जा रही है। निर्धारित तिथि के भीतर समर्पण नहीं करने पर उन्हें फोर्स का सामना करना पड़ सकता है।









