नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को सड़क किनारे गंभीर रूप से जली हालत में छात्रा मिली थी। छात्रा को अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। लेकिन रायपुर ले जाते समय बीच रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के कक्षा 11 वी छात्रा मोनिका सिंह पासन नाला के समीप 95% जली हुई हालत में मिली थी। इस बात की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया था। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल लड़की को बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। रायपुर ले जाते समय बीच रास्ते में ही लड़की की मौत हो गई।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिए जांच के निर्देश
इस बीच केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पीड़ित लड़की के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। मंत्री ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए अधिकारियों को इस पूरे मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच के सख्त निर्देश दिए।