नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में भटगांव तहसील क्षेत्र के करकोली गांव में एक गोदाम पर दबिश देकर बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने भटगांव तहसील के करकोली ग्राम स्थित एक गोदाम में छापेमार कार्रवाई की। यह गोदाम महेश गुप्ता नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जहां अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों का भंडारण किया गया था।
23 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से कुल 35 नग एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। इनमें 23 भरे हुए सिलेंडर और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। विभाग की टीम ने सिलेंडरों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विभिन्न क्षेत्रों से 93 सिलेंडर जब्त
प्रशासन के मुताबिक, जिले में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और कालाबाजारी पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाल ही में विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण या व्यापार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








