रायपुर। रायपुर और अभनपुर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत मुजगहन, सेजबहार, दतरेंगा, डोमा, बनरसी, छछानपैरी, सलोनी, सिंगारभाठा, दुसेरा, सिवनी, खिलौड़ा सहित कई ग्रामों से गुजरी नहर फरवरी में ही सूख गई थी, जिसके कारण इन क्षेत्रों के किसानों के साथ ग्रामीणों के सामने पानी बड़ी समस्या बन गई थी। इस क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की मांग पर पानी की समस्या को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु नहर में पानी छोड़ने के लिए कलेक्टर से गुहार भी लगाई थी।
हरिभूमि ने इन ग्रामों में पानी की गंभीर बन चुकी समस्या को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर का असर यह हुआ कि कलेक्टर गौरव सिंह ने तत्काल एक्शन लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें पानी छोड़ने के लिए निर्देशित किया। इस निर्देश के तहत अब इन नहरों में पानी छोड़ा गया है, जिससे गर्मी के दिनों में किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
गर्मी आते ही इन ग्रामों में तेजी से गिरा भू-जल स्तर
गर्मी का सीजन शुरू हुए कुछ हफ्ते ही हुए हैं, लेकिन रायपुर और अभनपुर ब्लॉक क्षेत्र के कई ग्रामों में भू-जल स्तर में अभी से तेजी से गिरावट आनी शुरू हो गई है। मुजगहन, सेजबहार, दतरेंगा, डोमा, बनरसी, छछानपैरी, सलोनी, सिंगार भाठा, दुसेरा, सिवनी, खिलौड़ा सहित कई ग्रामों में भी भू-जल स्तर काफी नीचे चला गया है, जिसके कारण बोरवेल भी अब सूखने लगे हैं। भू-जल स्तर में गिरावट आने के साथ इन ग्रामों से गुजरी मुख्य नहरें भी पूरी तरह से सूख चुकी थी। इसके कारण इन ग्रामों में विविध प्रकार की फसलों का उत्पादन करने वाले किसानों की परेशानी जहां बढ़ गई थी, वहीं ग्रामों में पानी की समस्या भी होने लगी थी।
कलेक्टर को सौपा गया था ज्ञापन
नहर के सूखने से पानी की समस्या को लेकर इन ग्रामों के किसान और ग्रामीण लगातार नहर में पानी छोड़ने की मांग ब्लॉक स्तर के विभागीय अधिकारियों से कर रहे थे, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं की जा रही थी। लोगों ने अपनी समस्या को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष के समक्ष भी जाहिर की थी। किसानों और ग्रामीणों की समस्या और मांग को लेकर संदीप यदु ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नहरों में पानी छोड़ने की मांग की थी। हरिभूमि ने किसान और ग्रामीणों की मांग को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। इस खबर के प्रकाशित होने के दो दिन बाद ही संबंधित ग्रामों की नहरों में पानी छोड़ा गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।









