haribhoomi hindi news
सुकमा जिले के ताड़मेटला में नक्सल बर्बरता का शिकार बनकर शहीद हुए सीआरपीएफ के 76 जवानों की स्मृति में बना गौरव स्मारक, सीआरपीएफ के डीजी ने किया उद्घाटन।

लीलाधर राठी- सुकमा। बस्तर संभाग के ताड़मेटला में 6 अप्रैल 2010 के हमले में शहीद हुए 76 वीर जवानों को यहां भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने ताड़मेटला में निर्मित शहीद स्मारक का उद्घाटन किया। लंबे समय तक नक्सल हिंसा के लिए कुख्यात रहे इस क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति और सम्मान से भर दिया।

Tadmetla 76 Martyred Soldiers Memorial

कार्यक्रम में एडीजी छत्तीसगढ़ विवेकानंद सिन्हा, बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, आईजी सीआरपीएफ शालिन, सीआरपीएफ डीआईजी आनंद राजपुरोहित, एसके सिंह, कलेक्टर अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर सहित सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश की सुरक्षा और एकता का अमूल्य आधार है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

Tadmetla 76 Martyred Soldiers Memorial

पीएम आवास योजना से बन रहे 50 घर 
कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि, ताड़मेटला अब शांति और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में विकास को गति देने के लिए बीटी रोड निर्माण हेतु 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसका कार्य एक माह के भीतर प्रारंभ हो जाएगा। साथ ही पीएम आवास योजना के तहत 50 से अधिक घरों का निर्माण जारी है, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध हो रहा है।

Tadmetla 76 Martyred Soldiers Memorial

बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार 
प्रशासन द्वारा गांव में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है। पंचायत भवन, पीडीएस भवन और प्राथमिक स्कूल का निर्माण प्रारंभ हो चुका है, जबकि आगामी महीनों में दो स्कूल और तीन आंगनबाड़ी केंद्र अपने नए भवनों में संचालित होंगे। इसके अलावा गांव से ही राशन वितरण की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों को अब दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

Tadmetla 76 Martyred Soldiers Memorial

विश्वास और प्रगति की नई शुरुआत 
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ताड़मेटला के सभी घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। यह बदलाव दर्शाता है कि, जिस ताड़मेटला में कभी भय और हिंसा का साया था, वहां अब प्रशासन की सक्रियता और विकास योजनाओं के माध्यम से शांति, विश्वास और प्रगति की नई शुरुआत हो चुकी है। शहीद स्मारक अब न केवल बलिदान का प्रतीक है, बल्कि नए ताड़मेटला के उज्ज्वल भविष्य का संदेश भी दे रहा है। 

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7