haribhoomi hindi news
Gurugram Murder Case:  गुरुग्राम में एक 20 साल पुराने नौकर ने सोते वक्त पुरानी रंजिश के चलते दरांती से काट मालिक की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Gurugram Murder Case: गुरुग्राम से एक 20 साल पुराने नौकर के द्वारा मालिक की हत्या की खबर सामने आ रही है। गुरुग्राम के सोहना में हरचंदपुर बस अड्डे के पास एक फार्म हाउस में 20 साल से काम करने वाले 65 साल के नौकर ने अपने 36 साल के नौकर की दरांती से काटकर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इस वारदात के बाद इलाके में डर का माहौल है क्योंकि 20 साल पुराने नौकर के द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम देना हैरान कर देने जैसा है। बताया जा रहा है कि आरोपी बुजुर्ग नौकर ने पुरानी रंजिश और मारपीट का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को निमेठी चौकी में पुलिस को सूचना मिली कि सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर स्थित एक फार्म हाउस में एक युवक की लाश पड़ी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान गुरुग्राम के गांव घाटा के रहने वाले 36 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। इसके बाद क्राइम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और निरीक्षण किया।

मृतक के भाई  के द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, फार्म हाउस की रखवाली के लिए खेमचंद नाम के एक व्यक्ति को काम पर रखा था। रविवार की रात को राहुल फार्म हाउस पर ही रुक गया था, लेकिन अगली सुबह फार्म हाउस पर उसका शव पड़ा मिला। लेकिन नौकर खेमचंद फार्म हाउस में नहीं था। वह वारदात को अंजाम देने के बाद पहले ही फरार हो चुका था। इसके बाद खेमचंद को फोन लगाया गया लेकिन उसका फोन ऑफ जा रहा था। इसके बाद हत्या का शक उस पर गया, जिसे बादमें खुद खेमचंद ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने मृतक के भाई के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के बाद आरोपी नौकर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने लगातार छापेमारी करने बाद आरोपी को मात्र 24 घंटे में दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का रहने वाला है और पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। खेमचंद ने पुलिस को बताया कि वह मृतक के पास पिछले 20 सालों से नौकरी कर रहा था। लेकिन डेढ़ साल पहले विवाद होने के बाद वह काम छोड़कर चला गया और दो महीने पहले ही दोबारा लौट कर आया था।

आरोपी ने बताया कि मृतक अक्सर उसके साथ मारपीट करता था, जिस वजह उसने रविवार रात को मौका पाकर सोते समय तेज धार वाली दरांती से राहुल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोप खेमचंद पुलिस से बचने के दिल्ली भाग गया लेकिन पुलिस उसे 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया और आरोपी की निशानदेही पर दरांती को भी बरामद कर लिया है।

7