Logo
सीए फाउंडेशन की परीक्षा में सुकमा जिले की अदिति राम और आस्था चांडक ने प्रथम प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। 

लीलाधर राठी- सुकमा। वर्षों तक नक्सल हिंसा और पिछड़ेपन की पहचान से जूझते रहे सुकमा जिले के लिए यह गर्व और आशा का क्षण है। सुकमा निवासी शिक्षक अगस्टीन राम की सुपुत्री भतीजी कु. अदिति राम और रोहित चांडक की सुपुत्री आस्था चांडक ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की प्रतिष्ठित सीए फाउंडेशन परीक्षा को प्रथम प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। 

कु. अदिति राम बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और परिश्रमी छात्रा रही हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भी उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने सीए जैसी कठिन और प्रतिस्पर्धी परीक्षा को पहले ही प्रयास में पास कर यह साबित कर दिया कि सपनों को साकार करने के लिए परिस्थितियाँ नहीं, बल्कि हौसले मायने रखते हैं।

पिता ने जताई ख़ुशी 
उनकी इस सफलता पर पिता अगस्टीन राम, जो स्वयं शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, ने भावुक होकर कहा कि यह उनकी बेटी की मेहनत, लगन और परिवार के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अदिति आगे भी इसी समर्पण के साथ सीए की आगामी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर न केवल परिवार बल्कि पूरे सुकमा जिले का नाम देशभर में रोशन करेंगी।

नक्सल हिंसा और शैक्षणिक पिछड़ेपन के बाद भी बनाई अपनी जगह 
दरअसल, सुकमा जिला लंबे समय तक नक्सल हिंसा और शैक्षणिक पिछड़ेपन की पहचान से जूझता रहा है। लेकिन समय के साथ अब तस्वीर बदल रही है। आज इसी सुकमा के बच्चे शिक्षा के माध्यम से नई ऊँचाइयों को छूते हुए जिले को एक नई पहचान दे रहे हैं। अदिति राम की यह सफलता उसी सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है, जो यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों के बीच भी प्रतिभा और मेहनत रास्ता बना ही लेती है।

जनप्रतिनिधियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने दी बधाई 
अदिति की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। लोगों का मानना है कि उनकी यह सफलता सुकमा जिले के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी और उन्हें भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। निश्चित ही अदिति राम की यह उपलब्धि सुकमा के बदलते भविष्य की एक उज्ज्वल कहानी है, जिस पर पूरे जिले को गर्व है।

5379487