haribhoomi hindi news
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भाठापारा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नई 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं।

विश्वनाथ द्विवेदी- सुहेला। भाठापारा के सुहेला क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अब 108 एंबुलेंस सेवा मिल गई है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

शासन की पहल से मजबूत हुई स्वास्थ्य व्यवस्था
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नई 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। इसी क्रम में सुहेला को भी यह सुविधा मिली है, जो क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
एंबुलेंस के सुहेला पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष दौलत पाल, भानुप्रताप वर्मा, युगल किशोर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे। 
जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलत पाल ने कहा- सबसे पहले तो धन्यवाद दूंगा की हमारे क्षेत्र में 108 की सुविधा दी इसके साथ अनेक परेशानी का सामना करना पड़ता था सिमगा, बलौदाबाजार या भाटापारा से एंबुलेंस बुलानी पड़ती थी। समय में आ नहीं पाते थे जिससे मरीजों का समय से इलाज नहीं हो पता था अब निश्चित ही समय से इलाज होगा।

समय पर इलाज से बचेंगी जानें
अब सुहेला में एंबुलेंस उपलब्ध होने से दुर्घटना और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव होगा। इससे “गोल्डन टाइम” में इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।

लंबे समय से थी मांग, अब मिली राहत 
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए शासन के प्रति आभार जताया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7