सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामडीह चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन पलट गई। इस हादसे में वाहन चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

अनिल उपाध्याय- सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में बीती रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में स्कॉर्पियो चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। सड़क दुर्घटना में जवान बेटे की मौत से घर मे मातम छा गया है, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामडीह चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन पलट गई। इस घटना में वाहन चला रहे 22 वर्षीय स्वामी सत्येंद्र खलखो निवासी धरमपुर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक काराबेल से बुकिंग में सवारी लेकर मुडेकेला गया था। जहाँ से वापस आने के बाद वाहन सवारों को काराबेल छोड़कर अपने घर वापस जा रहा था। तभी जामडीह चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन क्र-25BH 5561 J अनियंत्रित होकर पलट गई। 

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
इस घटना में स्कॉर्पियो चला रहे वाहन स्वामी सत्येंद्र खलखो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने मृतक का शव हॉस्पिटल भिजवाया। अगले दिन शव का पोस्टमार्टम होने के बाद उसे स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम करते हुए घटना की जांच में जुटी हुई है। मृतक सत्येंद्र तीन बहनों के अलावा अपने माता पिता का इकलौता संतान था। उसके पिता सीआईएसएफ जवान के रूप में कार्यरत है। इस दुर्घटना में अपने इकलौते बेटे की मौत से माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है।

बाइक की ठोकर से साइकिल सवार ग्रामीण की मौत
नेशनल हाईवे-43 में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। बीते दिनों प्रतापगढ़ के सडकपारा में साइकिल सवार 49 वर्षीय नंदलाल को बाइक सवार युवक ने ठोकर मार दी। ठोकर मारने के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गया। बाइक की ठोकर से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को हॉस्पिटल लाया गया, जहाँ चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।