सीतापुर क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

अनिल उपाध्याय- सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में आबकारी विभाग ने देर रात छापेमार कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। आपको बता दें कि, जशपुर और रायगढ़ से दो बाइक में सवार होकर आए तस्कर क्षेत्र में गांजा खपाने की फिराक में थे।

मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर तीन युवक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि दो तस्करों को मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिकेश्वर यादव (निवासी लैलूंगा, जिला रायगढ़) और खिलेश्वर यादव (निवासी राजाआमा, जिला जशपुर) के रूप में हुई है।

कुल 14 किलो गांजा बरामद
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद पिट्ठू बैग से कुल 14 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही मौके से जब्त दोनों बाइकों की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।

अवैध नशा कारोबारियों के बीच दहशत का माहौल
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अवैध नशा कारोबारियों के बीच दहशत का माहौल है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)