सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सीईओ इंद्रजीत बर्मन 9 अप्रैल को ग्राम पंचायत बछोरडीह और धाराशिव में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण पर पहुंचे। 

देवराज दीपक- सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले में विकास कार्यों के नाम पर हो रही लापरवाही अब भारी पड़ने लगी है। गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में इंद्रजीत बर्मन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सारंगढ़ ने 9 अप्रैल को ग्राम पंचायत बछोरडीह और धाराशिव में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण पर पहुंचे। 

नाली निर्माण में गुणवत्ता का अभाव  
सीईओ का काफिला बछोरडीह पहुंचा, निर्माण एजेंसियों और जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत बन रही नाली और सीसी रोड में गंभीर खामियां उजागर हो गईं। नाली निर्माण में गुणवत्ता का अभाव साफ दिखाई दिया, वहीं सीसी रोड का एलाइनमेंट भी पूरी तरह से गड़बड़ मिला। यह नजारा देखकर सीईओ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। 

नालियों का निरीक्षण करते सीईओ 

निर्माण एजेंसी को लगाई फटकार 
यहीं नहीं, स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए सार्वजनिक शौचालय की हालत भी बेहद खराब पाई गई। नल फिटिंग ठीक से नहीं की गई थी और पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद आम जनता को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इन तमाम खामियों को देखकर सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने मौके पर ही निर्माण एजेंसी को जमकर फटकार लगाई।

सरकारी योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त 
इंद्रजीत बर्मन जिला सीईओ ने साफ शब्दों में कहा कि, सरकारी योजनाओं में लापरवाही और घटिया निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीईओ ने तत्काल सभी कार्यों में सुधार करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो कड़ी कार्रवाई तय है। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत धाराशिव में चल रहे चेक डैम निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। यहां भी हालात संतोषजनक नहीं मिले। 

सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण करते सीईओ 

निर्माण एजेंसी को कारण बताओ नोटिस किया जारी
चेक डैम का एलाइनमेंट गलत पाया गया और चेक डेम में स्लोप भी निर्माण नहीं किया गया था, जिससे भविष्य में इसकी मजबूती पर सवाल खड़े हो गए। स्थिति को गंभीर मानते हुए सीईओ ने संबंधित तकनीकी सहायक और निर्माण एजेंसी के खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जनपद पंचायत बिलाईगढ़ को दिए। इस कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारियों और एजेंसियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। 

दोषियों पर होगी सीधी और कठोर कार्रवाई 
जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है। मानक से किसी भी प्रकार का समझौता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों पर सीधी और कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में केवल गुणवत्ता युक्त सामग्री का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए और समय-समय पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि जनता को बेहतर और टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें। 

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)