रायपुर। राज्य सरकार शुक्रवार से चावल उत्सव मनाने जा रही है। इसके तहत प्रदेशभर के शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में एक साथ दो महीने का चावल वितरण होगा, लेकिन अनेकों दुकानों में अब तक चावल का भंडारण ही नहीं किया जा सका है, जिसके कारण कार्ड धारकों को दो महीने का चावल तो दूर, एक महीने का चावल भी नहीं मिल पाएगा।
राशन दुकानों में चावल सप्लाई की धीमी गति की वजह ट्रांसपोर्ट एजेंसियां हैं, जिनके द्वारा गाड़ियां बहुत कम उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि कम गाड़ियां उपलब्ध कराए जाने का कारण ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को हर महीने संबंधित विभाग द्वारा राशि का भुगतान नहीं किया जाना बताया जा रहा है। कारण चाहे जो भी है, लेकिन इसका असर हितग्राहियों के साथ दुकान संचालकों पर भी पड़ेगा। चावल का भंडारण नहीं होने से हितग्राही जहां राशन दुकान का तथा संचालक को गोदाम के चक्कर काटने के लिए मजबूर होंगे।
साफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कत के कारण आज से बंटेगा एक साथ दो माह का चावल
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने चालू माह की 20 तारीख से प्रदेशभर की राशन दुकानों में चावल उत्सव कार्यक्रम के तहत फरवरी और मार्च के कोटे का चावल एक साथ कार्ड धारकों को वितरण करने का आदेश जारी किया है। हालांकि यह चावल उत्सव पहले 1 फरवरी से शुरू किया जाना था, लेकिन साफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कत के कारण किसी कार्ड धारक का एक माह तो किसी का दो माह का चावल ऑनलाइन शो कर रहा था। सूत्र के अनुसार इस तकनीकी दिक्कत को ठीक करने के लिए ही चावल उत्सव कार्यक्रम की तारीख बढ़ाकर 20 फरवरी की गई है।
6 महीने से ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को भुगतान नहीं, इसलिए कम भेज रहे वाहन
सूत्र से पता चला कि, पिछले 6 महीनों से ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को विभाग की ओर से भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के संचालक भी डिमांड एवं अनुबंध की तुलना में बहुत कम गाड़ियां नागरिक आपूर्ति निगम को उपलब्ध करा रहे हैं। सूत्र से यह भी खबर मिली है कि परिवहन विभाग के वाट्सप ग्रुप में एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी के संचालक ने भुगतान नहीं होने के कारण मैसेज भी किया है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा है कि लंबित राशि का भुगतान जब तक नहीं होगा, तब तक वाहन की संख्या नहीं बढ़ाएंगे।
चावल के साथ शक्कर-नमक की सप्लाई भी धीमी
ट्रांसपोर्ट एजेंसियों द्वारा कम गाड़ियां गोदाम में भेजे जाने के कारण चावल के साथ शक्कर और नमक का भंडारण भी कई राशन दुकानों में अब तक नहीं हो पाया है। डीओ जमा करने वाले राशन दुकानों के संचालक में कोई चावल तो कोई शक्कर एवं नमक भंडारण कराने की मांग लगातार वाट्सप ग्रुप में कर रहा है, लेकिन गाड़ियों की कमी का हवाला देकर नान गोदामों से दुकानों में चावल, शक्कर और नमक का भंडारण नहीं कराया जा रहा है।
रायपुर सहित अन्य कई जिलों में भंडारण की अव्यवस्था
रायपुर सहित प्रदेश के अन्य कई जिलों में नान के गोदामों में ट्रांसपोर्ट एजेंसियां कम संख्या में गाड़ियां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके कारण कई दुकानों में आज से दो माह का एक साथ चावल वितरण की संभावना कम है।